{"_id":"69dcb7791a882e8cbf0ac86a","slug":"vegetables-are-cheap-in-the-wholesale-market-but-selling-at-double-the-price-in-retail-markets-in-bareilly-2026-04-13","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"Bareilly News: थोक मंडी में सस्ती, बाजार में दोगुनी कीमत पर बिक रहीं सब्जियां, किसानों को लागत भी नहीं मिल रही","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bareilly News: थोक मंडी में सस्ती, बाजार में दोगुनी कीमत पर बिक रहीं सब्जियां, किसानों को लागत भी नहीं मिल रही
अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
Published by: Mukesh Kumar
Updated Mon, 13 Apr 2026 03:04 PM IST
विज्ञापन
सार
बरेली की थोक मंडी में सब्जियां सस्ती होने से किसानों को लागत भी नहीं मिल पा रही है, जबकि फुटकर बाजार में कीमतें दो गुना तक बढ़ जाती हैं। रविवार को डेलापीर मंडी में टमाटर 10 रुपये प्रति किलो बिका, जो फुटकर में 30 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया। इस मूल्य अंतर का मुख्य लाभ बिचौलिये उठा रहे हैं।
फुटकर की दुकान पर रखा टमाटर
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
बरेली की थोक मंडी में सब्जियां सस्ती होने के कारण किसानों की लागत नहीं निकल पा रही है। यही सब्जियां जब मंडी से निकलकर बाजार तक पहुंच रही हैं तो उनकी कीमत दोगुनी हो जा रही है। ठेले वाले तो मोहल्ले-मोहल्ले में अलग कीमत वसूलते हैं। पॉश इलाकों में वे दाम को और बढ़ाकर बताते हैं। इस पूरी शृंखला में बिचौलिये मोटा मुनाफा कमा रहे हैं।
Trending Videos
डेलापीर सब्जी मंडी में जिले के साथ बदायूं, शाहजहांपुर, संभल, मुरादाबाद, अमरोहा आदि से भी सब्जियां आती हैं। आढ़ती सतीश कुमार ने बताया कि इन दिनों देसी टमाटर मंडी की आवक ज्यादा है। खपत उससे कम होने के कारण किसानों को उचित भाव नहीं मिल पा रहा है। रविवार को मंडी में टमाटर 10 रुपये किलो बिका। फुटकर बाजार में यह 30 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
किसानों को नहीं मिल पा रही लागत
एक अन्य आढ़ती ताहिर ने बताया कि पिछले साल जुलाई और अगस्त में देहरादून, शिमला व हल्द्वानी आदि का टमाटर काफी महंगा बिका था। इस बार भी भाव में तेजी आने की संभावना है। किसान घनश्याम ने बताया कि टमाटर को लगाने से लेकर मंडी पहुंचाने तक 10 रुपये प्रति किलो तक खर्च आता है, लेकिन इन दिनों इतना भी नहीं निकल पा रहा है।
आलू के दाम गिरकर तीन से पांच रुपये प्रति किलो तक आ गए हैं। प्याज मंडी में आठ से 13 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। फुटकर बाजार में इसकी कीमत 15 से 25 रुपये प्रति किलो तक है। अभी प्याज पश्चिम बंगाल के बेलडांगा, महाराष्ट्र के नासिक, मध्य प्रदेश के सागर से आ रहा है। आढ़ती रोहित सोनकर व आसिफ ने बताया कि 15 दिनों से भाव कम हुए हैं।
विभिन्न सब्जियों की थोक व फुटकर कीमतें
नोट : कीमतें डेलापीर मंडी और फुटकर बाजार के अनुसार रुपये प्रति किलो में।
| सब्जी | थोक भाव | फुटकर भाव |
| आलू | 3-5 | 8-10 |
| टमाटर | 10 | 20-30 |
| गोभी | 10 | 20 |
| मिर्ची | 15 | 25 |
| शिमला मिर्च | 10 | 20 |
जिला उद्यान अधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि इस समय बदायूं, शाहजहांपुर, संभल, सीतापुर, मुरादाबाद, अमरोहा से टमाटर आ रहा हैं। इस वजह से भी रेट सामान्य बना हुआ है। बरेली में टमाटर का उत्पादन कम होता है पर आलू का उत्पादन अच्छा होता है। इस वजह से भाव गिर जाता है।