UP News: मुख्यमंत्री योगी बोले- सपा सरकार में सैफई का विकास हुआ, पीलीभीत उपेक्षित रहा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को पीलीभीत के बरखेड़ा में जनसभा को संबोधित किया। उनके निशाने पर समाजवादी पार्टी रही। मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा सरकार में सिर्फ सैफई का विकास हुआ। पीलीभीत उपेक्षित रहा। भाजपा सरकार में विकास के साथ विरासत को भी सहेजा जा रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
समाजवादी पार्टी (सपा) की सरकार में सिर्फ सैफई का विकास हुआ। पीलीभीत उपेक्षित रहा। सिर्फ एक परिवार और एक क्षेत्र के विकास पर ध्यान दिया। अगर सपा ने वास्तव में पूरे प्रदेश का विकास किया होता तो पीलीभीत में पहले ही मेडिकल कॉलेज, बेहतर सड़कें, पर्यटन सुविधाएं और गरीबों को भूमि के अधिकार मिल गए होते। भाजपा सरकार में विकास के साथ विरासत को भी सहेजा जा रहा है और वंचित समाज को सम्मान मिल रहा है। ये बातें सोमवार को बरखेड़ा की जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहीं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में माफिया और गुंडों का आतंक था। वे गरीबों और व्यापारियों की जमीन कब्जाते थे। विकास कार्यों में बाधा डालते थे और आम लोगों का जीना दूभर कर देते थे। सीएम ने कहा कि पहले दंगे, कर्फ्यू और अपराध आम बात थी, लेकिन अब कानून-व्यवस्था में बड़ा बदलाव आया है। माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई की है। किसी भी अपराधी को संरक्षण नहीं दिया जाएगा। अब प्रदेश में नो कर्फ्यू-नो दंगा, सब चंगा माहौल है। अपराधियों और माफिया में कानून का भय है, जबकि व्यापारी, महिलाएं, किसान और आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
सीएम ने कहा कि पीलीभीत में लगभग 2,500 विस्थापित परिवारों यानी करीब 15 हजार लोगों को नागरिकता और भूमि का अधिकार मिल रहा है। वन विभाग और केंद्र सरकार की अनुमति मिलते ही अन्य परिवारों को भी लाभ मिलेगा।
केंद्रीय राज्यमंत्री समेत ये जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
जनसभा में स्थानीय सांसद व केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद, जिले के प्रभारी मंत्री बलदेव सिंह औलख, राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार, बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद, पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान, बीसलपुर विधायक विवेक वर्मा, एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. दलजीत कौर, जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद, पूर्व मंत्री डॉ. विनोद तिवारी, राष्ट्रीय परिषद के सदस्य सुरेश गंगवार, पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल, मझोला नगर पंचायत अध्यक्ष निशांत प्रताप सिंह, अमरिया ब्लॉक प्रमुख निशांत सिंह समेत क्षेत्रीय भाजपा नेता मौजूद रहे।
गोशाला की जमीन पर किसी सपाई का ही रहा होगा कब्जा
सीएम योगी ने कहा कि पहले कुछ लोग राजनीतिक संरक्षण में गोशालाओं और अन्य सरकारी जमीनों पर कब्जा कर लेते थे। अब ऐसी हरकतों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। जहां गोशालाएं बनी हैं, वहां पहले किसी सपाई का ही कब्जा रहा होगा। जब कब्जे खाली करने की चेतावनी दी तो भाग गए। हमारी सरकार की प्राथमिकता गोशालाओं की सुरक्षा, पशुधन संरक्षण और अवैध कब्जों को हटाना है।
महिलाओं ने शंख और उलूक ध्वनि से स्वागत
मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर पतरासा कुंवरपुर में उतरा तो उसे देखने के लिए लोगों की कतार लग गई। जैसे ही मुख्यमंत्री के मंच पर आने की घोषणा हुई, पश्चिम बंगाल के पारंपरिक परिधान में सजी महिलाओं ने शंख और उलूक ध्वनि से स्वागत किया। मंच के सामने पीलीभीत की बांसुरी का प्रतीक और फूलों से आकर्षक रंगोली बनाई गई। लोगों ने इसका फोटो-वीडियो सोशल प्लेटफॉर्म पर शेयर कर तारीफें बटोरीं। यहां मंडलायुक्त भूपेंद्र एस चौधरी, एडीजी रमित शर्मा, डीएम ज्ञानेंद्र सिंह, डीआईजी अजय साहनी, एसपी सुकीर्ति माधव अन्य अफसर मौजूद रहे।
12 बजे उठने वालों को नहीं दिखता गरीबों का दर्द
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन्हें समय पर उठने की आदत नहीं, वे गरीबों की सुध कैसे लेंगे। जो दोपहर 12 बजे उठेंगे, दो बजे तैयार होंगे और शाम पांच बजे जिम चले जाते हैं, उन्हें गरीबों की पीड़ा समझ में नहीं आती। किसी भी प्रदेश और देश की प्रगति का आधार मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर होता है। बेहतर सड़कें, एक्सप्रेसवे, रेलवे और हवाई संपर्क आर्थिक विकास को गति देते हैं। हमारी डबल इंजन की सरकार विश्वस्तरीय आधारभूत ढांचा तैयार कर रही है, जिससे निवेश, उद्योग, रोजगार मिल रहा है।
मृत होमगार्ड की पत्नी पुष्पा देवी को मृतक आश्रित में 38 लाख रुपये बीमा राशि का चेक, कस्टम हायरिंग सेंटर के तहत सोनी देवी को 24 लाख रुपये अनुदान, नंदिनी कृषक समृद्धि योजना में कमलेश गंगवार को 31.25 लाख अनुदान, स्वयं सहायता समूहों को रिवॉल्विंग फंड, सीआईएफ के लिए 10.12 करोड़ का चेक दिया। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत अंशिका देवी, मीनू को कन्या सुमंगला योजना से लाभान्वित किया। प्रीति देवी को प्रधानमंत्री आवास योजना और अरविंद को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत चाबी सौंपी।
लोकार्पण लागत
आरटीओ सारथी हॉल 10.94 करोड़
राजकीय मेडिकल कॉलेज 284.60 करोड़
रजवाहा बिठौरा से टेल तक पुनर्स्थापन एवं नहर भूमि स्थापना कार्य 7.83 करोड़
पिपरा मंडन से दियोराजपुर मध्य माला नदी पर लघु सेतु 5.16 करोड़
पीलीभीत-बस्ती मार्ग पर बाइपास निर्माण 26.80 करोड़
टनकपुर रेलखंड पर टू लेन रेल ऊपरिगामी सेतु का निर्माण 24.90 करोड़
12 पेयजल परियोजनाएं 30.49 करोड़
कस्तूरबा विद्यालय में एकेडमिक ब्लॉक, छात्रावास 4.17 करोड़
शिलान्यास लागत
नगर पंचायत बरखेड़ा के कार्यालय का निर्माण 2.90 करोड़
शाहगढ़ मानपुर से सिसैइया पुलिया, गजरौला गुरुद्वारा संपर्क मार्ग 1.61 करोड़
बीडीयूएस से मधपुरी मार्ग का नवनिर्माण 1.66 करोड़
बरखेड़ा थाने में 32 बेड के हॉस्टल, बैरक व विवेचना कक्ष का निर्माण 1.66 करोड़
बरखेड़ा, दौलतपुर, पिपरा मंडन, बुहिता परेई नहर मार्ग का चौड़ीकरण 10.20 करोड़
लोकार्पण लागत
कस्तूरबा विद्यालय में हॉस्टल 4.92 करोड़
कटना नदी पर कटाव रोधी कार्य 3.96 करोड़
गांव नवदिया मरौरी से मरौरी खास तक सड़क निर्माण 1.78 करोड़
लिलहर के सरोवर में चौड़ीकरण कार्य 4.70 करोड़
पुरैना-ललौर गुजरानपुर में देवहा नदी सेतु का संपर्क मार्ग 23.22 करोड़
शिलान्यास लागत
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में पीजी ब्लॉक का निर्माण 4.96 करोड़