सीएम योगी का दौरा: बरेली में कल सुबह आठ बजे से डायवर्जन, पुराना बस अड्डा रहेगा बंद; ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के मद्देनजर बरेली में मंगलवार को रूट डायवर्जन लागू किया गया है। सुबह आठ से कार्यक्रम समाप्ति तक डायवर्जन रहेगा। इस दौरान शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, पुराने रोडवेज बस अड्डे से बसों का संचालन नहीं होगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे के मद्देनजर मंगलवार को बरेली में सुबह आठ से कार्यक्रम समाप्ति तक रूट डायवर्जन रहेगा। इस दौरान शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है। एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर एसपी ट्रैफिक अकमल खान ने सोमवार को रूट डायवर्जन जारी कर दिया।
ये रहेगा रूट डायवर्जन
शहर में परसाखेड़ा रोड नंबर एक, विलवा पुल, लालपुर कट, विलयधाम, नवदिया झादा, ट्रांसपोर्ट नगर, रामगंगा तिराहा और बुखारा मोड़ से भारी वाहन प्रवेश नहीं कर सकेंगे। दिल्ली, रामपुर, नैनीताल और पीलीभीत से बदायूं या लखनऊ जाने वाले भारी वाहनों को बड़ा बाइपास होकर गुजरना होगा। लखनऊ से दिल्ली जाने वाले भारी वाहन फरीदपुर, रजऊ तिराहा होते हुए बड़ा बाइपास से निकलेंगे। बदायूं से बरेली आने वाले भारी वाहन भमौरा, देवचरा चौराहा, दातागंज, फतेहगंज पूर्वी, रजऊ तिराहा होते हुए ट्रांसपोर्ट नगर तक आ सकेंगे।
पुराना रोडवेज बस अड्डे से नहीं होगा बसों का संचालन
मंगलवार को पुराना रोडवेज बस अड्डे से बसों का संचालन नहीं किया जाएगा। यहां से संचालित होने वाली सभी रोडवेज बसें सेटेलाइट बस अड्डे से संचालित की जाएंगी। दिल्ली, रामपुर, नैनीताल और पीलीभीत से आने वाली बसें बड़ा बाइपास और रजऊ तिराहा होते हुए सेटेलाइट बस अड्डे तक आ जा सकेंगी।
ट्रैफिक एडवाइजरी
एसपी ट्रैफिक ने लोगों से अपील की है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के कारण लागू डायवर्जन को ध्यान में रखकर ही घर से निकलें। असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें। डायवर्जन नियमों का पालन न करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
दिनभर चली तैयारियां
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और नगर निगम मुस्तैद नजर आ रहा है। मंगलवार दोपहर शहर पहुंच रहे मुख्यमंत्री के स्वागत और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सोमवार को दिनभर शहर में तैयारियों का दौर चलता रहा। मुख्यमंत्री के रूट और कार्यक्रम स्थलों को चमकाने के लिए निगम का अमला ने सफाई और सौंदर्यीकरण का अभियान चलाया। इस दौरान सर्किट हाउस के आस-पास के पूरे इलाके में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया गया, ताकि कहीं भी कोई कसर न रह जाए।
मुख्यमंत्री के दौरे से पहले शहर की सूरत बदलने के लिए रंगाई-पुताई से लेकर सड़कों को व्यवस्थित करने का काम जोरों पर रहा। एयरपोर्ट वाले मुख्य मार्ग से लेकर मुख्यमंत्री के तय रूट पर सड़क किनारे से अवैध अतिक्रमण को पूरी तरह से साफ कर दिया गया। अधिकारियों ने सख्ती दिखाते हुए रूट पर कहीं भी ठेले और फड़ नहीं लगने दिए, ताकि यातायात पूरी तरह सुचारू रहे और सुरक्षा में कोई चूक न हो। इसके अलावा, जीआईसी रोड पर भी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए दिनभर नाला निर्माण का कार्य तेजी से चलता रहा।
अधिकारियों ने किया मुख्यमंत्री के रूट का निरीक्षण
प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों ने खुद मोर्चा संभालकर मुख्यमंत्री के पूरे रूट का निरीक्षण किया और मातहतों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। शहर के प्रमुख चौराहों को सजाने और सड़कों की मरम्मत करने का काम रात तक जारी रहा। अधिकारियों की पूरी कोशिश है कि मुख्यमंत्री के आगमन से पहले पूरा शहर साफ-सुथरा और व्यवस्थित नजर आए, जिसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे रहे।