Weather: बरेली में 10 बजे के बाद छंटा कोहरा... खिली धूप, लोगों की मिली राहत; जानें सप्ताहभर कैसा रहेगा मौसम
बरेली में सोमवार को सुबह के वक्त घना कोहरा छाया रहा। साढ़े 10 बजे के बाद कोहरा छंटना शुरू हुआ। धूप खिलने से लोगों को थोड़ी राहत मिली है। इससे पूर्व रविवार को दिनभर धूप रही।
विस्तार
बरेली में रविवार को दिनभर धूप खिली तो सोमवार को फिर से कोहरा छा गया। सुबह छह बजे इतना घना कोहरा था कि दृश्यता बेहद कम हो गई। इसके कारण वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर वाहन चलाना पड़ा। सुबह साढ़े 10 बजे के बाद कोहरा छंटना शुरू हुआ। दोपहर में हल्की धूप खिलने से थोड़ी राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने सप्ताहभर घना कोहरा छाने का अनुमान जताया है।
बीते पांच दिनों तक घने कोहरे और शीतलहर से ठिठुर रहे लोगों को रविवार को हल्की राहत मिली। सुबह कोहरे के साथ हुई पर नौ बजे के बाद हवा चली। कोहरा छंटा तो धूप खिली। इससे दिन का पारा चार डिग्री चढ़ा। इधर, शनिवार रात भर बर्फीली हवा से पारा लुढ़ककर 5.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यह सीजन की सबसे सर्द रात रही। रविवार को दिन में धूप खिलने से रात के तापमान में इजाफा है। न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ अतुल कुमार के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ और पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवा की वजह से कोहरे और शीतलहर का प्रकोप हावी है। रविवार को कोहरा छंटने से आसमान साफ हुआ और धूप निकली। इससे दिन का पारा चार डिग्री बढ़त के बावजूद सामान्य तापमान 22.7 डिग्री से पांच डिग्री कम 17.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। रात का तापमान चार डिग्री लुढ़ककर सामान्य तापमान 7.3 डिग्री से दो डिग्री कम 5.1 डिग्री सेल्सियस रहा था।
सुबह 10 बजे से खुले स्कूल
कड़ाके की ठंड और घने कोहरे को देखते हुए डीएम के निर्देश पर स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। बीएसए डॉ. विनीता की ओर से जारी आदेश के मुताबिक अब कक्षा एक से आठ तक के सभी विद्यालय प्रात: 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक संचालित होंगे। यह आदेश बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों, सभी बोर्डों से मान्यता प्राप्त स्कूलों और सहायता प्राप्त (एडेड) विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा। इससे पहले ठंड के कारण शनिवार तक अवकाश घोषित था।
पाठ्यक्रम समय से पूरा करने और आगामी परीक्षाओं के दृष्टिगत स्कूलों को खोलने का निर्णय लिया गया है, लेकिन विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए समय बदल दिया गया है। सोमवार को सभी स्कूल 10 बजे से खुले। बीएसए डॉ. विनीता ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा और अगले आदेशों तक प्रभावी रहेगा। सभी स्कूलों को निर्देशित किया गया है कि वे समय परिवर्तन का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। यदि कोई विद्यालय आदेश का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
