Republic Day 2026: बरेली में मंडलायुक्त ने कमिश्नरी कार्यालय पर फहराया तिरंगा, संविधान के संकल्प को दोहराया
बरेली में 77वां गणतंत्र दिवस जिलेभर में उत्साह, हर्षोल्लास व उमंग के साथ मनाया गया। सभी शासकीय, अर्धशासकीय भवनों पर तिरंगा झंडा फहराया गया। कमिश्नरी कार्यालय पर मंडलायुक्त ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर संविधान के संकल्प को दोहराया।
विस्तार
गणतंत्र दिवस पर बरेली के मंडलायुक्त भूपेंद्र एस चौधरी ने कमिश्नरी कार्यालय पर झंडा फहराया और कार्यक्रम उपस्थित लोगों के साथ राष्ट्रगान किया। मंडलायुक्त ने संविधान संकल्प को उपस्थित लोगों के साथ दोहराया। इसके बाद मंडलायुक्त ने कमिश्नरी परिसर के शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने कमिश्नर परिसर में पौधरोपण भी किया।
मंडलायुक्त ने कहा कि सभी लोग जिस कार्य क्षेत्र में हों पूरी मनोशक्ति के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि विगत वर्ष सभी ने लोकसभा निर्वाचन, बांग्लादेश के हालात, गाजापट्टी का युद्ध, ओलंपिक खेलों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को देखा जो यह सिद्ध करता है कि यह बदलता परिवेश है। आज से 77 वर्ष पहले देश को चलाने के लिए संविधान लागू किया गया। संविधान ने आज तक समस्त बदलते परिवेश को अंगिकृत किया है। सभी को समाहित कर लिया है। इसी प्रकार हम लोग भी समय और तकनीक के साथ बदलना और उसे अपनाना बहुत जरूरी है।
मंडलायुक्त ने कहा कि भारत के वीर सपूतों के त्याग व बलिदान ने अंग्रेजों की गुलामी से भारत को आजाद कराया, इसके बाद भारतीय संविधान की संरचना हुई। संविधान में किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं किया गया, सभी धर्म जाति के लोगों को एक समान अधिकार दिए गए हैं। यही हमारे संविधान की सबसे बड़ी विशेषता है।
संविधान ने सुनिश्चित और सुरक्षित किए हर नागरिक के अधिकार
मंडलायुक्त ने कहा कि संविधान ने हर व्यक्ति के अधिकार सुनिश्चित और सुरक्षित किए हैं। ये अधिकार ही हैं जिनकी बदौलत हम लगातार तरक्की कर रहे हैं, लेकिन अभी भी आगे बढ़ने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आज हमें संकल्प लेना चाहिए कि अंतिम पायदान पर बैठें हर गरीब परिवारों को कल्याणकारी योजनाओं को लाभ मिले तथा उनको सुरक्षा प्रदान किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी व्यक्ति जिस पद पर भी कार्य कर रहे हैं उस पद पर अपने कर्तव्यों का पालन सुनिश्चित कर राष्ट्र के विकास में महत्वूपर्ण योगदान दें।
इस अवसर पर संयुक्त आयुक्त ने गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज का दिन संकल्प लेने का दिन है। हमें अपने देश के और अधिक विकास के लिए संकल्पित होना चाहिए। अपर आयुक्त न्यायिक प्रीति जायसवाल ने भी जिलेवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर कमिश्नरी कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
