UP: बरेली में मादक पदार्थ तस्करों के गिरोह का भंडाफोड़, चार आरोपी गिरफ्तार, 4.98 कुंतल केमिकल बरामद
बरेली में एएनटीएफ की टीम ने चार मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार कर 498 किलोग्राम एसिटिक एनहाइड्राइड केमिकल जब्त किया है। यह केमिकल स्मैक बनाने में इस्तेमाल होता है। यह खेप हरियाणा से बदायूं लाई जा रही थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 498 किलोग्राम एसिटिक एनहाइड्राइड प्रिकर्सर केमिकल बरामद किया गया, जो मार्फीन से स्मैक बनाने में इस्तेमाल होता है। थाना शाही में एनडीपीएस अधिनियम की धाराओं के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों का चालान कर कोर्ट भेजा गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
एएनटीएफ बरेली इकाई के प्रभारी विकास यादव ने बताया कि आरोपियों में बदायूं जिले के सहसवान थाना क्षेत्र के गांव नदायल निवासी वासिद, अमरोहा के थाना मंडी धनौरा के गांव चक मुस्तफापुर निवासी जोगेश सिंह, अमरोहा के ही थाना डिडौली के गांव हटऊआ निवासी तेजपाल सिंह और डिडौली की जाटव कॉलोनी जोया निवासी अरुण कुमार को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से दो वाहन, पांच मोबाइल फोन और 1080 रुपये भी बरामद हुए हैं।
पूछताछ में उगला राज
जोगेश को इस गिरोह का सरगना बताया जा रहा है। उसने टीम को बताया कि वे चारों एसिटिक एनहाइड्राइड लेने के लिए हरियाणा के मेवात गए थे। जोगेश और वासिद एक क्विड कार से गए थे जबकि अरुण और तेजपाल पिकअप गाड़ी से गए थे। उन्होंने मेवात के एक व्यक्ति से केमिकल लिया और उसे पिकअप में लादकर लाए थे। यह खेप बदायूं में एक व्यक्ति को दी जानी थी जो इसे पश्चिम बंगाल के किसी बड़े तस्कर को आपूर्ति करने वाला था। इस अवैध धंधे से होने वाले मुनाफे को वे आपस में बांट लेते थे।
बरामदगी
एएनटीएफ प्रभारी के मुताबिक टीम ने कुल 498.35 किलोग्राम एसिटिक एनहाइड्राइड जब्त किया है। इसके साथ ही दोनों कार, पांच मोबाइल फोन और 1080 रुपये नगद बरामद हुए। थाना शाही में एनडीपीएस अधिनियम की धाराओं के तहत मामला पंजीकृत किया गया है। पुलिस आगे जांच कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
क्या है एसिटिक एनहाइड्राइड
टीम के मुताबिक एसिटिक एनहाइड्राइड कैमिकल को सरकार ने प्रतिबंधित कर रखा है। दरअसल अफीम से मार्फीन बनाई जाती है और मार्फीन को फाड़कर स्मैक बनाई जाती है। मार्फीन से स्मैक बनाने की प्रक्रिया में इस कैमिकल का प्रयोग किया जाता है। इसलिए इसे भी मादक पदार्थ वाली प्रतिबंधित श्रेणी में रखा गया है। बिना संबंधित लाइसेंस के इसे रखना आपराधिक कृत्य है।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि एएनटीएफ और शाही थाना पुलिस ने कैमिकल बरामद कर चार आरोपी गिरफ्तार किए हैं। इनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनके नेटवर्क का पता लगाकर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।