Railway News: उत्तराखंड और बरेली से मुंबई का सफर हुआ आसान, नियमित की गई ये विशेष ट्रेन; घटेगा किराया
रेलवे ने काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल विशेष ट्रेन को नियमित कर दिया है। इसका नया नंबर जारी किया गया है। जल्द ही नए नंबर के साथ इस ट्रेन का संचालन किया जाएगा। नियमित ट्रेन का दर्जा मिलने से इसका किराया भी घट जाएगा।
विस्तार
बरेली-मुंबई सेंट्रल के बीच चलने वाली विशेष साप्ताहिक गाड़ी 09075-76 काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल को नियमित का दर्जा दे दिया गया है। गाड़ी का संचालन जल्द नए नंबर 21907-08 के साथ शुरू कर दिया जाएगा। विशेष से नियमित का दर्जा मिलने के बाद किराया भी काफी कम हो जाएगा।
बरेली से मुंबई के लिए 14314-13 बरेली-लोकमान्य तिलक टर्मिनल, 22976-75 रामनगर-बांद्रा टर्मिनल एक्सप्रेस दो जोड़ी ही ट्रेनें हैं। इनके अलावा मुंबई के लिए मथुरा या फिर आगरा, दिल्ली से ही गाड़ी मिलती है। आसपास के जिलों के यात्रियों का भी इन दोनों गाड़ियों पर दबाव रहता है।
ऐसे में इन गाड़ियों में कन्फर्म टिकट मुश्किल होता है। ऐसे में विशेष साप्ताहिक गाड़ी 09075-75 काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल का संचालन किया जा रहा था। इस गाड़ी को नियमित करने की मांग भी उठ रही थी। बुधवार को काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल विशेष गाड़ी को नियमित का दर्जा देते हुए नया नंबर जारी कर दिया गया है।
बरेली होकर 20 ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेनें चलाएगा रेलवे
गर्मियों के इस सीजन रेलवे बरेली होकर 20 ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेनों का संचालन करेगा। इसके अलावा होली के दौरान चलाई गईं कुछ विशेष गाड़ियों के फेरों में भी विस्तार की तैयारी है। ग्रीष्मकालीन विशेष गाड़ियों की समय सारिणी अप्रैल मध्य जारी कर दी जाएगी।
ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान ट्रेनों पर यात्रियों का दबाव बढ़ जाता है। रेलवे 60 दिन पहले टिकट बुकिंग की सुविधा देता है। ऐसे में ट्रेनों पर दबाव का असर अभी से दिखने लगा है। इसको लेकर रेलवे की ओर से भी तैयारी शुरू कर दी गई है।
ग्रीष्मकालीन विशेष गाड़ियों की समय सारिणी तैयार की जा रही है। जिन लंबे रूटों की ट्रेनों में लगातार वेटिंग और नो रूम की स्थिति बनेगी उन रूटों पर ग्रीष्मकालीन विशेष गाड़ियों की समय सारिणी पहले जारी की जाएगी, ताकि नियमित ट्रेन में टिकट न मिलने पर यात्रियों को विशेष गाड़ी में कन्फर्म टिकट मिल सके।
होली विशेष ट्रेनों का संचालन 30 मार्च से बंद हो जाएगा। इससे पहले दो जोड़ी ट्रेनों के फेरों को अप्रैल अंत तक विस्तार दे दिया गया है। अन्य विशेष ट्रेनों को भी विस्तार देने की तैयारी है