Bareilly News: एलपीजी सिलिंडर के बिना कैटरर्स का कारोबार फीका, कई ऑर्डर कर चुके हैं निरस्त
बरेली में एलपीजी की किल्लत थम नहीं रही है। इसका असर कैटरिंग कारोबार पर भी दिखने लगा है। एलपीजी सिलिंडर न मिलने के कारण कैटरर्स ऑर्डर निरस्त कर रहे हैं।
विस्तार
पश्चिम एशिया में युद्ध से उपजी एलपीजी सिलिंडर की किल्लत अगर न थमी तो आगामी सहालग में वैवाहिक आयोजन आगे टलेंगे या फिर स्वाद फीका पड़ सकता है। बरेली शहर के 90 फीसदी मैरिज हॉल बुक हैं, लेकिन कैटरर्स हाथ खड़े कर रहे हैं। कई ऑर्डर निरस्त भी कर चुके हैं।
कारोबारियों के मुताबिक एलपीजी आपूर्ति का संकट थमने के बजाय गहराता जा रहा है। कॉमर्शियल गैस सिलिंडरों की आपूर्ति सुचारू होने की सुगबुगाहट समेत आवश्यक सेवा तक सीमित रहने की चर्चाएं भी हैं। ऐसी स्थिति में कैटरर्स के साथ साथ बैंक्वेट हॉल मालिक भी परेशान हैं। हाल ये हैं कि कैटरर्स किसी भी स्थिति में सिलिंडर लेने को तैयार हैं पर प्रत्येक सिलिंडर का ऑनलाइन हिसाब के चलते प्रति आयोजन कम से कम आठ-दस सिलिंडर चाहिए, जो मिलना मुश्किल है। इधर, बुकिंग कराने वाले भी कीमत बढ़ाने को राजी हैं पर कोई सुनवाई नहीं हो रही।
बैंक्वेट हॉल संचालकों के मुताबिक 15 अप्रैल से वैवाहिक आयोजन शुरू होने हैं। सभी तिथियों में शहर के 80 से 90 फीसदी हॉल बुक हैं। जब बुकिंग हुई तब अंदाजा नहीं था कि युद्ध से ये स्थिति होगी। हालत ये है कि घर के लिए ही सिलिंडर मिलना मुश्किल है। आयोजन कैसे करें।
किसी भी बरातघर में नहीं है पीएनजी कनेक्शन
मैरिज एवं बैंक्वेट हॉल एसोसिएशन के संरक्षक गोपेश अग्रवाल के मुताबिक जिले में करीब छह सौ छोटे-बड़े मैरिज हॉल हैं। कस्बे, देहात में भट्ठियों पर भोजन की व्यवस्था हो सकती है पर शहर के करीब दो सौ हॉल में यह मुमकिन नहीं। धुएं से परिसर का अंदरूनी हिस्सा खराब हो सकता है। किसी में भी पीएनजी कनेक्शन नहीं है। कोई आयोजक सिलिंडर ले आया तो अतिथियों की संख्या या मेन्यू में कटौती करना तय है।
तीन बुकिंग निरस्त कर दीं, आगे देखेंगे क्या होगा
सीबीगंज के कैटरर्स और रेस्टोरेंट संचालक सूरज गुप्ता के मुताबिक मार्च के लिए तीन बुकिंग थीं लेकिन कॉमर्शियल सिलिंडर न मिलने से ऑर्डर निरस्त करने पड़े। बताया कि रेस्टोरेंट में भट्ठी पर भोजन पकाया जा रहा है। जो 15 मार्च से बुकिंग हैं, वे अभी बरकरार हैं। अगर आगे स्थिति सुधरेगी तो ठीक नहीं तो वे भी निरस्त करनी पड़ेंगी। अब आयोजक से सिलिंडर दिलाने की जिम्मेदारी पर ही मैनेजर को बुकिंग के लिए कहा है।