UP: 'रमजान में लाउडस्पीकर का सीमित इस्तेमाल करें मस्जिदों के इमाम', मौलाना शहाबुद्दीन ने की अपील
ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने मस्जिद के इमामों से अपील की है कि रमजान में लाउडस्पीकर का इस्तेमाल सीमित करें, क्योंकि इस समय दसवीं और 12वीं की परीक्षाएं चल रही हैं। ऐसे में सभी लोगों की भावनाओं का ख्याल रखना जरूरी है।
विस्तार
ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने देशवासियों को रमजान की मुबारकबाद पेश की। उन्होंने कहा कि इस्लाम धर्म में रमजान का महीना बहुत पवित्र है। इस महीने में की गई एक नेकी का सवाब दस गुना बढ़कर मिलता है। इसीलिए मुसलमानों को चाहिए कि इस महीने का सम्मान व एहतराम के साथ 30 रोजे मुकम्मल करें और इस्लाम की बताई हुई तमाम बातों पर अमल करें, ताकि गुनाह से बचे रहें।
मौलाना ने कहा कि तमाम मुसलमान जो खाने-पीने और चाय आदि का कारोबार करते हैं। वो दिन में बंद रखे, इफ्तार के समय से लेकर देर रात तक व्यवस्था करे, जिससे रोजों का सम्मान बना रहे। देखा यह जाता है कि मुस्लिम क्षेत्रों में दिन में भी खाने पीने के होटल खुले रहते हैं, जिससे रोजे की पवित्रता भंग होती है। रमजान का महीना साल भर में एक बार आता है, उसका अगर अपने हाथों मज़ाक बनाया जाएगा तो फिर उसकी पवित्रता भंग होगी।
मौलाना बोले- सभी की भावनाओं का रखें ख्याल
शहाबुद्दीन रजवी ने मस्जिद के इमामों से अपील करते हुए कहा कि सहरी का सिर्फ समय बताएं कि कब सहरी का वक्त खत्म हो रहा है। नमाज और दुआ के बारे में बताए। अनावश्यक तौर पर लाउडस्पीकर का इस्तेमाल बहुत ज्यादा न करें। इसलिए कि इस वक्त हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं चल रही हैं। विद्यार्थी रात-दिन मेहनत में लगे रहते हैं। सभी लोगों की भावनाओं का ख्याल रखना जरूरी है। मौलाना ने आगे कहा कि सरकार, नगर निगम, शहर के जिम्मेदारान सफाई, बिजली व पानी की व्यवस्था अच्छी रखें ताकि रोजेदारों को कोई परेशानी का सामना न करना पड़े।