Bareilly News: डेढ़ साल बाद मिली एनओसी, शहर की तीन पॉश कॉलोनियों में होगी पीएनजी की आपूर्ति
एलपीजी की किल्लत के बीच बरेली की तीन पॉश कॉलोनियों के लोगों के लिए राहत की खबर है। इन कॉलोनियों में जल्द ही पीएनजी की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। नगर निगम की एनओसी नहीं मिलने से यहां आपूर्ति रुकी हुई थी।
विस्तार
बरेली में लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) की किल्लत के बीच पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) का दायरा बढ़ने लगा है। करीब डेढ़ साल से नगर निगम से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) न मिलने से तीन पॉश कॉलोनियों में अटकी पीएनजी आपूर्ति जल्द शुरू होगी। इससे कृष्णानगर, विश्वनाथपुरम, एसबीआई कॉलोनी में रहने वाली करीब दस हजार आबादी को राहत मिलेगी।
सेंट्रल यूपी गैस लिमिटेड (सीयूजीएल) कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, विश्वनाथपुरम में पीएनजी आपूर्ति के लिए नगर निगम से नवंबर 2024 में, एसबीआई कॉलोनी और कृष्णानगर के लिए बीते साल एनओसी मांगी थी। नगर निगम के साथ अन्य संबंधित विभागों को भी एनओसी के लिए पत्र भेजा था।
कुछ ही दिनों में मिल गई थी अन्य विभागों की एनओसी
नगर निगम के अलावा अन्य सभी विभागों की एनओसी कुछ ही दिन में मिल गई थी। नगर निगम को कई रिमाइंडर भेजने के बाद भी एनओसी नहीं दी गई। अब एलपीजी किल्लत में सरकार का जोर पीएनजी आपूर्ति बढ़ाने पर है। इससे संबंधित गाइडलाइन जारी हुई तो निगम ने एनओसी जारी कर दी।
गौरतलब है कि तीनों कॉलोनियों में पीएनजी की लाइन पूर्व में ही बिछाई जा चुकी है, पर एनओसी के इंतजार में आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी। अब एनओसी जारी होने के बाद सीयूजीएल ने तीनों कॉलोनियों में पीएनजी आपूर्ति की कवायद शुरू की है। अगले माह से पीएनजी पर भोजन पकेगा।
कॉमर्शियल, इंडस्ट्रियल व व्यक्तिगत कनेक्शन के लिए लग रही कतार
एलपीजी की किल्लत के बीच जिन क्षेत्रों में पीएनजी लाइन बिछी है, वहां के होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे वाले कनेक्शन के लिए आवेदन कर रहे हैं। इसके अलावा इंडिस्ट्रयल कनेक्शन के लिए भी आवेदन आए हैं। जिले में अब तक 120 कॉमर्शियल और 18 इंडस्ट्रियल कनेक्शन सक्रिय हैं। जबकि, दो सौ से ज्यादा पंजीकरण हुए हैं। कनेक्शन के लिए मोबाइल टीमें सक्रिय हैं, ताकि लेटलतीफी न हो।
कॉलोनी के हर घर में आपूर्ति का प्रयास
सीयूजीएल के जीएम जितेंद्र गौतम के मुताबिक, कृष्णानगर में करीब दो सौ, एसबीआई कॉलोनी के करीब सौ घरों में पहले ही कनेक्शन हो चुके हैं। अब मेन लाइन से इसे जोड़ते ही आपूर्ति शुरू हो जाएगी। आपूर्ति शुरू होने के बाद पीएनजी कनेक्शन के लिए पंजीकरण बढ़ने की उम्मीद है। लोग सीयूजीएल केयर एप से सीधे पंजीकरण करा सकते हैं। 31 मार्च तक नए कनेक्शन पर डिस्काउंट भी चल रहा है।
ईकेवाईसी, एलपीजी बुकिंग, आपूर्ति की 892 शिकायतों का कराया गया निस्तारण
एलपीजी की बुकिंग, आपूर्ति और ईकेवाईसी जैसी समस्याओं के निस्तारण के लिए सक्रिय हेल्प लाइन नंबर पर 20 दिन में करीब एक हजार लोगों ने कॉल की। इसमें एलपीजी संबंधी 892 शिकायतों का समाधान पूर्ति विभाग ने कराया है। जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सिंह के मुताबिक, तीनों ऑयल कंपनी की 91 गैस एजेंसियों पर स्टॉक मौजूद है। सभी कंपनियों की गाड़ियां ट्रांजिट में हैं। तीनों ऑयल कंपनियों के 193 पेट्रोल पंपों पर भी भरपूर ईंधन उपलब्ध है।
निजी मेडिकल कॉलेजों, सरकारी अस्पतालों, छात्रावासों, आश्रमों आवासीय स्कूलों, नवोदय व केंद्रीय विद्यालय, जिला और सेंट्रल जेल, पुलिस लाइन, सीआरपीएफ कैंप समेत आवश्यक सेवाओं से जुड़े संस्थानों को एलपीजी दे रहे हैं। जिन होटलों, ढाबों, कैटरर्स का पूर्व में कॉमर्शियल कनेक्शन है, उन्हें तीन माह के सापेक्ष 20 फीसदी सिलिंडर दिए जा रहे हैं। एसडीएम, सीओ की टीमें पूर्ति विभाग के साथ निरीक्षण कर रही हैं। सोमवार को देवचरा की जायसवाल गैस एजेंसी समेत अन्य का निरीक्षण किया गया।