Railway: बरेली होकर गुजरेंगी छह और ट्रेनें, टनकपुर-अछनेरा एक्सप्रेस भी नियमित, रेलवे ने नया नंबर किया जारी
तीन माह में पांच जोड़ी नई ट्रेनें मिली हैं। इन सभी ट्रेनों का संचालन बरेली होकर किया जा रहा है। रेलवे ने टनकपुर अछनेरा एक्सप्रेस को भी नियमित का दर्जा दे दिया है। इसका नया नंबर भी जारी हो गया है।
विस्तार
लखनऊ-बरेली-दिल्ली रेल लाइन पर दबाव और बढ़ने लगा है। बरेली होकर तीन माह में रेलवे ने चार जोड़ी यानी अप-डाउन आठ नियमित साप्ताहिक ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया है। काफी समय से विशेष गाड़ी के रूप में दौड़ रही काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल एक्सप्रेस के बाद टनकपुर अछनेरा एक्सप्रेस को भी नियमित का दर्जा दे दिया गया है। बरेली होते हुए तीन अमृत भारत एक्सप्रेस, दो वंदे भारत और एक वंदे भारत स्लीपर भी प्रस्तावित है।
सामान्य तौर पर बरेली होकर रोजाना अप-डाउन 200 ट्रेनों का संचालन होता है। कानपुर-लखनऊ के बीच मेगा ब्लॉक के कारण दिल्ली से इटावा, कानपुर, लखनऊ के बीच चलने वाली छह गाड़ियों को दो अप्रैल से 13 मई तक मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ होकर चलाया जाएगा।
बरेली-बांदीकुई पैसेंजर का संचालन भी शुरू
बरेली जंक्शन एनएसजी-ग्रेड का स्टेशन है। जनवरी से मार्च अंत तक रेलवे बरेली होते हुए 13066-65 हावड़ा-आनंद विहार अमृत भारत एक्सप्रेस, 14021-22 आनंद विहार- पुरुलिया एक्सप्रेस, 14663-64 अमृतसर-न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस, 21907-08 काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल एक्सप्रेस का संचालन शुरू कर चुका है। इसके अलावा 54256-55 बरेली-बांदीकुई पैसेंजर का संचालन भी शुरू हो गया है। इस अनारक्षित पैसेंजर गाड़ी को जयपुर तक विस्तार भी दे दिया गया है।
टनकपुर-अछनेरा विशेष ट्रेन को नियमित का दर्जा
रेलवे ने अब 05062-61 टनकपुर-अछनेरा विशेष ट्रेन को नियमित का दर्जा दे दिया है। इस गाड़ी का संचालन चार साल से विशेष ट्रेन के रूप में किया जा रहा था। अब यह गाड़ी बुधवार और शनिवार को छोड़कर नए नंबर 15094-93 टनकपुर-अछनेरा एक्सप्रेस के रूप में चलाई जाएगी। नियमित का दर्जा मिलने के बाद इस गाड़ी में किराया भी कम हो जाएगा। 2026 के अंत तक बरेली होते हुए छह और गाड़ियों का संचालन शुरू किया जाएगा।