Bareilly News: एसएसपी ने करगैना चौकी प्रभारी को किया निलंबित, विभागीय जांच के आदेश; जानें पूरा मामला
बरेली में एसएसपी अनुराग आर्य ने करगैना चौकी प्रभारी राजेंद्र सिरोही को निलंबित कर दिया है। इलाके में प्रभावी निगरानी न रखने और कामकाज में लापरवाही बरतने के आरोप में उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य ने मंगलवार रात ऑनलाइन मीटिंग में अपराध समीक्षा के दौरान ही सुभाषनगर थाने की करगैना चौकी के प्रभारी राजेंद्र सिंह सिरोही को निलंबित कर दिया। यह कार्रवाई हिस्ट्रीशीटर अजय साहू पर प्रभावी निगरानी न रखने और कामकाज में लापरवाही बरतने के आरोप में की गई है। हाल ही में इलाके में हुई लूट की दो घटनाओं में अजय शामिल रहा है। सिरोही के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं। राजेंद्र सिंह सिरोही पीलीभीत जिले में एसओ रहते हुए हनीट्रैप के मामले में भी निलंबित हो चुके थे।
एसएसपी अनुराग आर्य ने मंगलवार रात ऑनलाइन मीट के माध्यम से दैनिक अपराध समीक्षा बैठक की थी। इस बैठक में सभी पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी शामिल हुए। समीक्षा के दौरान करगैना चौकी प्रभारी राजेंद्र सिंह सिरोही के खिलाफ गंभीर आरोप सामने आए। जांच में पता चला कि थाना सुभाषनगर का हिस्ट्रीशीटर अजय साहू छिनैती की दो घटनाओं में शामिल था।
अजय साहू के खिलाफ थाना सुभाषनगर में हिस्ट्रीशीट संख्या 23बी प्रचलित है। इसके बावजूद चौकी प्रभारी सिरोही ने उस पर नजर नहीं रखी। उन्होंने यक्ष एप के मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुरूप हिस्ट्रीशीटर की नियमित निगरानी नहीं की। इसके अतिरिक्त, अपराध नियंत्रण और विवेचनात्मक कार्यों में भी अपेक्षित प्रगति नहीं पाई गई। अप्रैल माह में आवंटित 35 विवेचना में उन्होंने केवल 11 का ही निस्तारण किया।
यहां भी उदासीन रहे सिरोही
चौकी प्रभारी राजेंद्र सिंह सिरोही ने आयुध अधिनियम, जुआ अधिनियम और वाहनों की जब्ती संबंधी कोई कार्रवाई नहीं की। 110जी और 34 पुलिस अधिनियम के तहत उनके द्वारा कोई कदम नहीं उठाया गया। इन सभी लापरवाही और कर्तव्यों के प्रति उदासीनता को देखते हुए कार्रवाई की गई है। एसएसपी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है। उन्होंने कहा कि अगर अभ्यस्त अपराधी अपराध करता है तो जहां का रहने वाला है, वहां के चौकी प्रभारी या हल्का दरोगा की लापरवाही मानी जाएगी।
हिस्ट्रीशीटर अजय साहू की वजह से फंसे
अजय साहू का नाम 15 जनवरी को थाना बारादरी क्षेत्र में हुई मोबाइल फोन और पर्स छीनने की घटना में सामने आया था। इसमें उसे जेल भेजा गया था। बाद में थाना इज्जतनगर क्षेत्र में हुई एक अन्य छिनैती की घटना में भी अजय साहू का नाम प्रकाश में आया। सिरोही की लापरवाही के कारण ऐसे अपराधी पर समय रहते लगाम नहीं लगाई जा सकी।
बरेली की महिला ने फंसाया
करीब तीन साल पहले राजेंद्र सिरोही पीलीभीत के घुंघचई थाने में प्रभारी थे। तब बरेली एसएसपी प्रभाकर चौधरी थे। बरेली की ही एक महिला ने उनके पास जाकर राजेंद्र सिरोही के खिलाफ शिकायत की। आरोप लगाया कि सिरोही उससे वीडियो कॉल पर अश्लील हरकतें करते हैं। इसका वीडियो प्रमाण भी दिया। तब एसएसपी ने सिरोही के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी, साथ ही पीलीभीत एसपी को रिपोर्ट भेजी और सिरोही को निलंबित कर दिया गया।