Bareilly News: दो चौकी प्रभारी समेत सात पुलिसकर्मी निलंबित, एसएसपी ने इस मामले में की बड़ी कार्रवाई
बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में फरीदापुर रोड स्थित नाले से लगातार दूसरे दिन संरक्षित पशुओं के अवशेष मिले। इस मामले में एसएसपी अनुराग आर्य ने रविवार रात बड़ी कार्रवाई की। एसएसपी ने दो चौकी प्रभारियों समेत सात पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।
विस्तार
बरेली के इज्जतनगर इलाके में स्थित रेलवे की भूमि पर लगातार दो दिन पशु अवशेष मिलने के मामले में एसएसपी अनुराग आर्य ने सीओ तृतीय की जांच रिपोर्ट के आधार पर दो चौकी प्रभारियों समेत सात पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। मामले में पुलिस की भूमिका पर विभागीय जांच भी बैठा दी गई है।
जिस जगह घटना हुई, वहां रोड के दोनों ओर रेलवे की संपत्ति है। हालांकि, रोड गश्त की जिम्मेदारी थाना पुलिस की भी है। रविवार को घटनास्थल का एसपी सिटी मानुष पारीक व सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव ने निरीक्षण किया। इनकी प्राथमिक जांच में कर्मचारीनगर चौकी प्रभारी अमित कुमार, बैरियर वन चौकी प्रभारी उमेश कुमार राय को दोषी माना गया।
साथ ही, बीट के हेड कांस्टेबल मोहम्मद सलीम, पप्पूराम, सर्वेश कुमार व मनोज कुमार और कांस्टेबल अरुण कुमार की प्राथमिक जिम्मेदारी तय की गई। अधिकारियों की जांच रिपोर्ट के बाद एसएसपी ने सभी सात पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। कुछ पुलिसकर्मियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव जैसी कार्रवाई जल्द हो सकती है।
दूसरे दिन फिर नाले में मिले पशुओं के अवशेष
इज्जतनगर थाना क्षेत्र में फरीदापुर रोड स्थित नाले से रविवार को दूसरे दिन भी पशुओं के अवशेष बरामद हुए। अवशेष पुराने बताए जा रहे हैं। पुलिस को लग रहा है कि सुनसान इलाके में किसी संगठित गिरोह ने यहां पशुओं की कटान की है। अब तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी पर जोर दिया जा रहा है।
ईद के दिन शनिवार को नाले में पशु अवशेष मिले थे। सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव ने मौके पर जाकर पड़ताल की थी। हिंदू युवा वाहिनी के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष महेश चंद्र शर्मा ने इज्जतनगर थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधित पशुओं की कटान की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस आरोपियों का पता लगाने के लिए इस इलाके में लगे सीसी कैमरे खंगाल रही थी।
शनिवार रात के बाद रविवार सुबह फिर तलाशी अभियान शुरू किया गया। इलाके के युवा मिंटू सिंह, रमेश गंगवार, रोहित शर्मा आदि की मौजूदगी में पुलिस ने फरीदापुर के नाले में जेसीबी से सर्च अभियान चलाया तो वहां और भी अवशेष मिले। डॉक्टर को बुलाकर सैंपल दिलवाए गए। हालांकि, सिर आदि के अवशेष देखने में लग रहा था कि ये प्रतिबंधित पशु के ही हैं। इंस्पेक्टर विजेंद्र सिंह ने बताया कि सुनसान स्थान का काफी क्षेत्र रेलवे का है। इस लिहाज से आरपीएफ के कमांडेंट को भी सूचना दी गई है। पुलिस भी मामले की छानबीन कर रही है।
इज्जतनगर इलाके में नैनीताल हाईवे से लगा बड़ा इलाका रेलवे का है। कई सौ बीघे का यह मैदान खाली और सुनसान रहता है, इसलिए अक्सर अपराधी यहां सक्रिय रहते हैं। जिस नाले में पशु अवशेष मिले हैं, वह रेलवे की जमीन पर नैनीताल हाईवे से फरीदापुर रोड से लगा है। रेलवे की जमीन पर झाड़ियां और जंगल भी हैं। इसलिए तस्करों ने सुनसान इलाके को पशु कटान का पसंदीदा अड्डा बना लिया है। इस रोड पर पहले भी कई अपराधी पुलिस के हत्थे चढ़ चुके है। कुछ महीने पहले इज्जतनगर पुलिस ने इसी रास्ते पर अफीम तस्कर भी पकड़े थे।