Bareilly News: किशोर से फोन छीनने के आरोपी भी निकले नाबालिग, सीसीटीवी फुटेज से पकड़े गए दोनों आरोपी
इज्जतनगर पुलिस ने मोबाइल फोन और नकदी छीनने की घटना का 24 घंटे में खुलासा कर दिया। इस मामले में दो बाल अपराधियों को पुलिस ने पकड़ा है। उनके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और 2500 रुपये बरामद किए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में इज्जतनगर थाना पुलिस ने किशोर से मोबाइल फोन और नकदी छीनने की घटना का 24 घंटे में खुलासा कर दिया। इस मामले में दो बाल अपचारियों को पुलिस ने पकड़ा तो उनके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और 2500 रुपये बरामद हुए हैं। दोनों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया। वहां से उन्हें किशोर सदन भेजा गया है। दोनों के विरुद्ध पहले से एक-एक अभियोग पंजीकृत है।
छह जून को खजुरिया जुल्फिकार गांव निवासी फैजान (15 वर्ष) गाजियाबाद से काम करके घर लौट रहा था। वह श्यामगंज से एक टेंपो में बैठकर खजुरिया जुल्फिकार गांव के पास पहुंचा। तभी टेंपो चालक व उसके साथ बैठे दूसरे लड़के ने फैजान की जेब से मोबाइल फोन निकाल लिया। उसके हाथ से 3,220 रुपये छीन लिए। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गए। इज्जतनगर थाने में छिनैती का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस टीम ने सीसी कैमरे की फुटेज के आधार पर दोनों बाल अपचारियों को पकड़ लिया गया।
बहन के नाम पर है टेंपो, आरोपी बोले- मजाक में की घटना
पूछताछ के दौरान 17 साल के आरोपी ने बताया कि वह रात में टेंपो चलाता है। टेंपो उसकी बहन के नाम पर है। रात में ज्यादा कमाई हो जाती है। उस दिन उसका 16 साल का दोस्त भी साथ था जो पकड़ा गया है। बताया कि फैजान उनसे भी छोटा था। रात में जब वह उतरा और जेब से फोन निकाला तो उन लोगों को फोन अच्छा लगा। तब उन्होंने फैजान से फोन व उसकी जेब में मौजूद रुपये भी छीन लिए।
उसके हिस्से में 2,220 रुपये आए थे, जिसमें से 720 रुपये खर्च कर दिए गए थे। दूसरे किशोर ने बताया कि वह साथी के कहने पर घटना में शामिल हुआ था। उसके हिस्से में 1,000 रुपये आए थे, जिसमें से 50 रुपये खर्च हो गए थे। बरामदगी के आधार पर मामले में धाराएं बढ़ाई गई हैं।