सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Bareilly News ›   Woman Accused of Child Kidnapping Arrested in Bareilly

UP: अपने तीन बच्चे किए गायब, दूसरे का बेटा लेकर भागी, बरेली में आरोपी महिला गिरफ्तार, तीसरे पति ने खोले राज

संवाद न्यूज एजेंसी, फरीदपुर (बरेली) Published by: Mukesh Kumar Updated Sun, 22 Mar 2026 07:16 PM IST
विज्ञापन
सार

हरदोई निवासी महिला का बेटा लेकर भागने वाली महिला को फरीदपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक जांच में पता लगा है कि आरोपी महिला तीन शादियां कर चुकी हैं। उसके तीसरे पति ने आरोपी के कई राज खोले हैं। आरोपी महिला से पूछताछ की जा रही है। 

Woman Accused of Child Kidnapping Arrested in Bareilly
आरोपी महिला की गोद में बच्चा - फोटो : वीडियो ग्रैब
विज्ञापन

विस्तार

बरेली के फरीदपुर में महिला से दोस्ती कर उसका बच्चा लेकर भागने वाली आरोपी महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से पुलिस को दो बच्चे मिले हैं। पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने महिला के पहले पति को मेरठ से बुलाया है। महिला उसका भी एक बच्चा लेकर भाग आई थी।

Trending Videos


हरदोई के देहात थाना क्षेत्र के गांव मिरगंवा निवासी सुनभला कुमारी ने फरीदपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने थाना प्रभारी राधेश्याम को बताया था कि वह 17 मार्च को अपनी ससुराल मिरगवां से नौ माह के बेटे अरुण को लेकर निकली थी। पति से उनका विवाद हो गया था और उनके पास किराया भी नहीं था। उसे बहन संजीदा देवी के गांव बिडोहरा जाना था। बस में जब कंडक्टर ने किराया मांगा तो आरोपी महिला ने उसका टिकट लेकर मदद की। उसकी परेशानी सुनकर आरोपी महिला हरदोई जिले में ही अपने घर ले गई। वहां वह महिला के साथ दो दिन तक रही। 
विज्ञापन
विज्ञापन


बहाना बनाकर महिला से लिया था बच्चा  
सुनभला कुमारी ने बताया कि बृहस्पतिवार को उस महिला ने उससे साथ चलने के लिए कहा। बस से दोनों फरीदपुर कस्बे में आईं। सुनभला का नौ माह का बेटा भी उसके साथ था। महिला बस स्टैंड के पास पहले अपना मोबाइल फोन ठीक कराने एक दुकान पर गई। फिर उससे कहा कि उसे बैंक में कुछ काम है। वह अपना काम निपटाकर अभी आ रही है। महिला ने उसका बच्चा यह कहकर ले लिया कि इससे बैंक में काम जल्दी हो जाएगा। महिला ने भरोसा करके उसे नौ माह का बेटा दे दिया। 

यह भी पढ़ें- HPCL Murder Case: बदायूं में हत्यारोपी अजय प्रताप सिंह और उसके साथियों पर लगेगा गैंगस्टर, जब्त होगी संपत्ति

सुनभला दो घंटे तक उसी दुकान पर इंतजार करती रही, लेकिन आरोपी महिला लौटकर नहीं आई। इसके बाद सुनभला ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे में बच्चा को ले जाते महिला को देखा और उसके ठिकानों पर दबिश दी। रविवार को पुलिस ने महिला को फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र के खनी नवादा गांव से उसकी ससुराल से गिरफ्तार कर लिया। महिला के पास से पुलिस ने दो बच्चे बरामद किए। दोनों ही उसके बच्चे नहीं थे। 

तीसरे पति के बच्चों को भी गायब कर चुकी है महिला 
फरीदपुर इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि कुशीनगर के पडरौना थाना क्षेत्र की रहने वाली आरोपी महिला बिंदा उर्फ रंजना ने तीन शादियां की। पहली शादी के बाद उसने पति को छोड़ दिया। उसने दूसरी शादी मेरठ में की। वहां भी वह नहीं रुकी। वहां से उसका आना-जाना लगा रहता था। कई दिनों बाद वहां जाती थी। उसके बाद महिला ने छह वर्ष पूर्व तीसरी शादी बरेली के फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र के खनी नवादा गांव निवासी गुड्डू से की। गुड्डू ने पुलिस को बताया कि उसके छह वर्ष में तीन बच्चे हुए। उसकी पत्नी बिंदा जैसे ही डिलीवरी का समय होता था तो वह यहां से अपने मायके के लिए चली जाती थी। वहां से खाली हाथ वापस चली आती थी। 

तीसरे पति को किया गुमराह 
गुड्डू जब उससे पूछता था तो वह कह देती थी कि बच्चे मायके में छोड़ दिए हैं। इस तरह से महिला ने अपने तीनों बच्चे गायब कर दिए। गुड्डू ने दबाव बनाया तो बिंदा हरदोई निवासी महिला का बच्चा लेकर और अपने मेरठ वाले पति की दूसरी पत्नी का एक बच्चा चोरी करके गुड्डू के पास ले आई। उसने वह दोनों बच्चे उसके होने की बात कह दी। वही तीसरे बच्चे को मायके में छोड़ने की बात कहकर गुड्डू को समझा दिया। 

पुलिस ने महिला के मेरठ निवासी दूसरे पति को भी बुलाया है। वह सोमवार को फरीदपुर पहुंचेगा। इसके बाद उसका बच्चा उसे पुलिस देगी। पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ कर रही कि उसने अपने तीन बच्चों के साथ क्या किया या फिर किसी के हाथ बेच दिए। पुलिस हर पहलू से कर रही है। पुलिस के अनुसार सोमवार को खुलासा करते हुए महिला को जेल भेजा जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed