बस्ती। अधिमास खत्म होने के बाद अब सुस्त पड़े बाजार में रौनक लौटने लगी है। शादी-विवाह वाले घरों के लिए तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। किराना से लेकर दोना-पत्तल, पनीर और मटर की बुकिंग भी लोग करवा रहे हैं, ताकि लगन में पुराने रेट पर ही सामग्री उपलब्ध हो सके। धूप के कारण दिन के बजाय शाम के समय बाजार में खरीदार उमड़ रहे हैं।
बता दें कि 19 जून से शहर से लेकर गांव तक शहनाई गूंजने लगी है। गांधीनगर बाजार, पांडेय बाजार और मंगल बाजार में शादी-विवाह में इस्तेमाल होने वाले सामग्री की खरीदारी शुरू हो गई है। साथ ही कपड़ा, ज्वेलरी के साथ अन्य दुकानों पर भीड़ जुट रही है। किनारा दुकानदार प्रमोद, राधेश्याम का कहना है कि किराना सामग्री की बुकिंग हो रही है। फल कारोबारी बिट्टू ने बताया कि अभी फल के दाम में उछाल है। केला 70 रुपये दर्जन के हिसाब से बिक्री हो रही है। आम 100 रुपये में डेढ़ किलो बिक रहा है। सेब दो सौ रुपये और अंगूर 180 रुपये किलो बिक रहा है। कपड़ा कारोबारी काजू ने बताया कि रेडीमेड कपड़ा के साथ साड़ी व सूट की बिक्री शुरू हो चुकी है। वहीं पानी बोतल, कोल्ड ड्रिंक, आइसक्रीम के लिए ऑर्डर लिए जा रहे हैं। इससे इस लगन में बेहतर कारोबार होनी की उम्मीद है।