बहादुरपुर। कलवारी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत गोविंदपुर बहादुरपुर के राजस्व गांव महुआडाबर में रविवार को उप जिलाधिकारी के आदेश के बाद शुरू हुई इंटरलॉकिंग निर्माण के समय महिलाओं द्वारा छत से पत्थर फेंकने के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों का शांति भंग में चालान किया है। समाधान दिवस में दिए गए प्रार्थना पत्र में हसमतुल्लाह निवासी महुआडाबर ब्लॉक बहादुरपुर थाना कलवारी ने लिखा है कि उनके द्वारा उप जिलाधिकारी बस्ती सदर के न्यायालय में एक रास्ते के विवाद निस्तारण के लिए वाद दाखिल किया गया था। निस्तारण करते हुए उप जिलाधिकारी द्वारा 16 अप्रैल को आदेश पारित किया गया था।
समाधान दिवस में दिए गए प्रार्थना पत्र पर उप जिलाधिकारी द्वारा कलवारी पुलिस को इंटरलॉकिंग निर्माण में सहयोग करने का निर्देश दिया गया था। रविवार को जैसे ही इंटरलॉकिंग का निर्माण ग्राम पंचायत द्वारा शुरू कराया गया उसी समय सहाबुद्दीन के घर की महिलाएं छत से ईंट पत्थर फेंकने लगीं जिसके बाद काम रुक गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों का शांति भंग में चालान कर दिया। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एक पक्ष से हसमतुल्लाह, कमाल, मसरुद्दीन नूर मोहम्मद व दूसरे पक्ष से सहाबुद्दीन, साहब आलम, सादिया खातून, मेहरुन्निशा का चालान किया गया है।