बस्ती। खरमास खत्म होने के बाद सहालग का दौर शुरू हो गया है। सहालग में मिलावटखोर भी सक्रिय हो जाते हैं, ऐसे में खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य पदार्थों के गुणवत्ता जांच के लिए अभियान शुरू कर दिया है। टीम ने चार दुकानों से पनीर, खोअा, दूध व दही के नमूने लिए और एक दुकानदारों को नोटिस दिया है।
जानकारी के अनुसार सहायक आयुक्त खाद्य ग्रेड-दो चितरंजन कुमार सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने शुक्रवार को हर्रैया क्षेत्र में विभिन्न प्रतिष्ठानों का छापा मारा। इस दौरान चार दुकानों से खोआ, पनीर, दूध और दही का एक-एक नमूना भरा गया। टीम को मौके से कोई संदिग्ध खाद्य पदार्थ नहीं मिला। सिर्फ एक दुकान में गंदगी मिलने पर दुकानदारों को नोटिस देकर साफ-सफाई के लिए निर्देशित किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि नमूनों के जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।