बंटवारे के विवाद में हत्या: बड़े भाई ने छोटे को दी खौफनाक मौत, तीन मासूमों के सिर से उठा पिता का साया
Bhadohi News: भदोही जिले में संपत्ति के विवाद में बड़े भाई ने धारदार हथियार से वार कर छोटे भाई की हत्या कर दी। वारदात के बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुटी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भदोही जिले की कोतवाली क्षेत्र के संसारापुर गांव में बृहस्पतिवार की देर रात बंटवारे को लेकर बड़े भाई ने छोटे भाई संजय सरोज (35 वर्ष) पुत्र मेहीालाल सरोज की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी, उसकी पत्नी और बेटे के खिलाफ हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई।
क्या है पूरा मामला
संसारापुर गांव निवासी संजय सरोज चार भाइयों में सबसे छोटा था। रोजी-रोटी के लिए मुंबई में रहता था। वह 24 जून को ही घर आया था। बृहस्पतिवार की देर रात किसी बात को लेकर परिवार के सदस्यों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।
इसे भी पढ़ें; यूजीसी नेट में आया अनोखा सवाल: वंदेमातरम का सीक्वेंस लगाओ, तीन फिल्मों का रिलीज क्रम बताओ
आरोप है कि बड़े भाई राजेन्द्र उर्फ गोली सरोज, ललऊ और अन्य परिजनों ने धारदार हथियार (हीकनी) से संजय के सीने पर हमला कर दिया। हमले के बाद गंभीर रूप से घायल संजय की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पीआरबी 112 की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान पुलिस टीम पर भी हमला करने की चर्चा है, जिसमें पीआरबी के कर्मचारी वीरेन्द्र कुमार द्विवेदी को हल्की चोटें आईं।
बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
घटना की जानकारी होने पर मौके पर ज्ञानपुर छेत्राधिकारी चमन सिंह चावड़ा पहुंचे और मामले को संभाला। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गया है। उसके पुत्र दीपक (10), सूरज (6) और पुत्री राखी (8) हैं। परिजनों का कहना है कि संजय ही परिवार का एकमात्र कमाने वाले सदस्य था। उसकी मौत के बाद परिवार के सामने भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी सावित्री देवी की तहरीर पर राजेन्द्र उर्फ गोली सरोज, ललऊ और चंदा देवी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। सीओ ने बताया कि आरोपी मौके से फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है।