भदोही। कोतवाली के मामदेवपुर स्थित मान्यवर कांशीराम शहरी आवासीय कालोनी के पास एक टेंट हाउस के गोदाम में बृहस्पतिवार को दोपहर अचानक आग लगने से सामान जलकर नष्ट हो गया। आग कब और कैसे लगी यह स्पष्ट नहीं हो सका। दमकल विभाग ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक सामान जल चुका था। संचालक ने शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई है।
चकसैफ वार्ड (पुरानी बाटा गली) निवासी मो. आरिफ, अंसारी टेंट हाउस के नाम से वैवाहिक आयोजनों में टेंट आदि लगाने का काम करते हैं। टेंट का सामान रखने के लिए उन्होंने मामदेवपुर में बड़ा गोदाम बनवाया है। उसमें टेंट के सामान, सोफा, कुर्सी, मैटिंग, पर्दा सहित वैवाहिक आयोजन में काम आने वाले लगभग हर सामान स्टोर किया जाता है। उनके बेटे हाफिज शहजाद ने बताया कि गोदाम पिछले कई दिनों से बंद था।
यही कारण है कि जब धुआं उठना शुरू हुआ तब आसपास के लोगों को पता चला, जबकि आग काफी पहले से लगी थी। दमकल को सूचित किया तो कुछ ही मिनटों में दमकल विभाग के लोग तीन दमकल के साथ मौके पर पहुंच गए। लोगों को करीब तीन घंटे तक आग बुझाने में लगे रहे, लेकिन विशेष लाभ नहीं हुआ।