दुर्गागंज। अभोली ब्लॉक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भानीपुर, दुर्गागंज में सोमवार को आयोजित एचआरपी डे (हाई रिस्क प्रेगनेंसी डे) में 25 गर्भवती महिलाओं की जांच हुई। जिसमें 10 महिलाओं को उच्च जोखिम की अवस्था पाई गई। अधीक्षक शुभांकर श्रीवास्तव ने कहा कि एचआरपी डे का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं की समय पर जांच कर संभावित जोखिमों की पहचान करना और उन्हें उचित चिकित्सा सलाह व उपचार उपलब्ध कराना है। डॉ. सीमा पंत ने आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से लाई गई गर्भवती महिलाओं की विधिवत स्वास्थ्य जांच की। चिकित्सक ने महिलाओं का वजन, लंबाई, ब्लड प्रेशर, शुगर और हीमोग्लोबिन सहित अन्य आवश्यक परीक्षण किया।
जांच के बाद गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी जरूरी सलाह दी गई। जिन महिलाओं में उच्च जोखिम (हाई रिस्क) की स्थिति पाई गई। उन्हें विशेष निगरानी में रखने और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी गई। चिकित्सकों ने बताया कि हाई रिस्क प्रेगनेंसी की समय पर पहचान होने से जटिलताओं को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
इस मौके पर डॉ. पंचदेव, बीपीएम संजीत शुक्ला, सीपीएम अजीत कुमार, उपासना मौर्य, बिंदु पाल, मनोज कुमार, अभय कुमार, विजय कुमार, महेश कुमार बिंद, मुकेश कुमार बिंद, लाल बाबू, सेवालाल आदि रहे।