Bhadohi News: हाईटेंशन लाइन में शॉर्ट सर्किट से अनुदेशक सहित 15 बच्चे झुलसे, स्मार्ट टीवी व अन्य उपकरण भी जले
Bhadohi News: भदोही जिले में बिजली के तार से निकली चिंगारी की चपेट में आने से 15 बच्चे मामूली रूप से झुलस गए। वहीं स्मार्ट टीवी का प्लग बोर्ड से निकालते समय अनुदेशक का हाथ झुलस गया।
विस्तार
भदोही ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय दुरासी में हाईटेंशन लाइन में हुई शॉर्ट शर्किट से उतरे करंट की चपेट में आने से एक अनुदेशक सहित 15 बच्चे आंशिक रूप से झुलस गए। विद्यालय में लगी स्मार्ट टीवी व अन्य उपकरण भी जल गए। घटना शनिवार दोपहर लगभग 2:30 बजे की है। स्मार्ट क्लास में बच्चे पढ़ रहे थे। तभी अचानक इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में आग लग गई। बिजली के तार से निकली चिंगारी की चपेट में आने से 15 बच्चे मामूली रूप से झुलस गए। स्मार्ट टीवी का प्लग बोर्ड से निकालते समय अनुदेशक सुषमा गुप्ता का हाथ झुलस गया।
शिक्षकों ने तत्काल बिजली निगम को सूचित करके आपूर्ति बंद कराया। सूचना मिलने पर अभिभावक विद्यालय पहुंचे। बच्चों को सुरक्षित देखकर राहत की सांस ली। अचानक हुई घटना से गांव में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया।
बच्चों के झुलसने की सूचना मिलने के बाद भी न तो शिक्षा और न ही बिजली निगम का कोई अधिकारी मौके पर पहुंचा। सोमवार को झुलसे पांच बच्चे विद्यालय नहीं आए। प्रधानाध्यापक प्रभात रंजन ने बताया कि 15 बच्चे आंशिक रूप से झुलसे हैं। मामले की जानकारी विभाग के अधिकारियों को दे दी गई है।
एमडीएम के समय होती दुर्घटना तो मच जाती भगदड़
कंपोजिट विद्यालय दुरांसी में शनिवार को शॉर्ट सर्किट उस समय हुई जब बच्चे कक्षा में पढ़ रहे थे। यदि घटना एमडीएम के समय होती तो भगदड़ मच जाती। बताया जा रहा है कि स्कूल में लगे लोहे के गेट में भी करंट उतरा था। भोजनावकाश के समय ज्यादातर बच्चे स्कूल परिसर में खेलते हैं। ऐसे में बड़ी घटना से इन्कार नहीं किया जा सकता था।
अभिभावकों ने बच्चों को स्कूल भेजने से किया इन्कार
कंपोजिट विद्यालय दुरांसी में शनिवार को हुई घटना के बाद अभिभावक चिंतित हो गए हैं। कुछ बच्चों के अभिभावकों ने बच्चों को विद्यालय भेजने से इन्कार कर दिया है। घटना के समय विद्यालय में लगे पांच केवीए का ट्रांसफॉर्मर भी जल गया है। प्रधानाध्यापक प्रभात रंजन ने बताया कि पांच बच्चों के अभिभावकों ने बच्चों को विद्यालय भेजने से इन्कार कर दिया है। कहा कि अभिभावकों को समझाया गया है कि बिजली काट दी गई है।
क्या है पूरा मामला
हाईटेंशन तार काफी ऊंचाई से गया है। उससे कोई दुर्घटना नहीं हुई है। विद्यालय के पीछे जो दस केवीए का ट्रांसफॉर्मर लगाया गया है उससे हाई वोल्टेज आने के कारण दुर्घटना हुई है। कभी-कभी चिड़ियों के बैठने से ट्रांसफॉर्मर में शॉर्ट शर्किट हो जाता है। विद्यालय के ऊपर से जो तार गया है वह एक पंपिग सेट के लिए गया है। उसे हटाने के लिए विभाग की ओर से पत्र लिखा जा चुका है। प्रक्रिया पूरी हो चुकी है एक-दो दिन में ठेकेदार विद्यालय के ऊपर से गुजरे तार को हटा देंगे। -विजय यादव, एसडीओ
