सीतामढ़ी। मनरेगा मजदूरों और रोजगार सेवकों के बकाया भुगतान के लिए मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकताओं ने मुख्यालय पर प्रदर्शन किया।
कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी शैलेश कुमार को सौंपा। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी कोऑर्डिनेटर दयाशंकर पांडेय ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण मनरेगा मजदूरों को महीनों से मजदूरी नहीं मिल रही है।
जिलाध्यक्ष वसीम अंसारी ने कहा कि सरकार मजदूरों और कर्मचारियों के प्रति पूरी तरह असंवेदनशील हो चुकी है। मनरेगा मजदूरों का बकाया भुगतान और रोजगार सेवकों का लंबित मानदेय तत्काल दिया जाना चाहिए। पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र दुबे ने कहा कि प्रदेश में संविदा कर्मियों की स्थिति दयनीय हो चुकी है।
इस मौके पर दीनानाथ दुबे, राजेश्वर दुबे, सुरेश गौतम, सुबुकतगीन अंसारी, संतोष सिंह आदि रहे। संवाद