Bijnor: पिटाई के बाद प्रशांत मौत का मामला गरमाया, भड़काऊ बयान पर FIR, 15-20 अज्ञात भी रडार पर
बिजनौर के चांदपुर क्षेत्र में प्रशांत की मौत के मामले में पुलिस ने भड़काऊ बयान देने के आरोप में पांच नामजद समेत 15-20 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इससे पहले पिटाई के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
विस्तार
बिजनौर जनपद में चांदपुर क्षेत्र के गांव हैजरपुर निवासी प्रशांत की पिटाई के बाद इलाज के दौरान हुई मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। अब इस मामले में पुलिस ने भड़काऊ बयान देने के आरोप में पांच लोगों को नामजद करते हुए 15-20 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से दिए जा रहे भड़काऊ बयानों को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है। मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: Weather Update: अप्रैल में जून जैसी तपिश, 40 डिग्री के पार पहुंचा पारा, लू और प्रदूषण ने बढ़ाई मुश्किलें
बाइक और स्कूटी की टक्कर के बाद हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार 22 अप्रैल को प्रशांत गांव मिर्जापुर से लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसकी बाइक की एक युवती की स्कूटी से टक्कर हो गई। आरोप है कि टक्कर के बाद युवती के परिजनों ने प्रशांत के साथ मारपीट कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद प्रशांत को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पिटाई के आरोप में पांच आरोपी पहले ही गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस पहले ही मारपीट के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार कर उनका चालान कर चुकी है। वहीं अब मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भड़काऊ बयान देने और माहौल खराब करने के आरोप में पांच लोगों को नामजद करते हुए 15-20 अज्ञात के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पुलिस बोली-जांच जारी, होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जो भी व्यक्ति माहौल बिगाड़ने या भड़काऊ बयान देने में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
