UP News: बदायूं में गंगा एक्सप्रेसवे पर हादसे, सांड़ से टकराकर पलटी कार, दूसरी का टायर फटा, पांच घायल
बदायूं के दातागंज इलाके में गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार दोपहर दो हादसे हो गए। एक कार सांड़ से टकरा गई तो दूसरी कार टायर फटने से पलट गई। दोनों हादसों में पांच महिलाएं घायल हो गईं।
विस्तार
बदायूं के दातागंज क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार को सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक सामने आई, जब एक सांड़ एक्सप्रेसवे पर पहुंच गया। सांड़ से टकराकर एक कार पलट गई। इसके कुछ देर बाद दूसरी कार टायर फटने से हादसे का शिकार हो गई। दोनों हादसों में पांच महिलाएं घायल हो गईं। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस सेवा की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दातागंज में भर्ती कराया गया है। घटना ने एक्सप्रेसवे की सुरक्षा व्यवस्था और फेंसिंग पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पहली दुर्घटना डहरपुर गांव के पास टोल प्लाजा-207 के निकट हुई। जानकारी के अनुसार, प्रयागराज निवासी दीपक श्रीवास्तव अपने परिवार के साथ मेरठ से लौट रहे थे। उनकी कार तेज रफ्तार से एक्सप्रेसवे पर आगे बढ़ रही थी कि तभी अचानक एक सांड़ सामने आ गया। चालक को संभलने का मौका भी नहीं मिला और कार सीधे सांड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
इस दुर्घटना में कार सवार रेशू श्रीवास्तव (45) ,आराधना श्रीवास्तव (20) ,आराध्या श्रीवास्तव (17) गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद घायलों को दातागंज सीएचसी पहुंचाया गया। फिलहाल सभी घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दातागंज में चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार घायलों की हालत खतरे से बाहर है, लेकिन हादसे के बाद परिवारों और राहगीरों में दहशत है।
दूसरा हादसा, टायर फटने से पलटी कार
पहले हादसे के कुछ ही दूरी पर पीछे दूसरा हादसा भी हो गया। जनपद बस्ती से हरिद्वार जा रहा उपाध्याय परिवार एक्सप्रेसवे पर सफर कर रहा था। तभी उनकी कार का टायर फटने से चालक ने तेज ब्रेक लगा दिए। अचानक ब्रेक लगने से कार अनियंत्रित हो गई और पलट गई। इस हादसे में नीलम उपाध्या और श्रेया उपाध्याय घायल हो गईं। दोनों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एक्सप्रेसवे की फेंसिंग फेल, सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
इन हादसों ने गंगा एक्सप्रेसवे की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। स्थानीय लोगों और राहगीरों का कहना है कि एक्सप्रेसवे के किनारे लगाए गए तारबाड़ (फेंसिंग) कई जगहों पर टूटे, ढीले या अधूरे हैं, जिससे छुट्टा मवेशी आसानी से अंदर घुस आते हैं। तेज रफ्तार वाले इस मार्ग पर यदि जानवरों की आवाजाही नहीं रोकी गई, तो भविष्य में और भी बड़े हादसे हो सकते हैं।
इन व्यवस्थाओं को करना जरूरी
लोगों ने मांग की है कि पूरी फेंसिंग की तत्काल मरम्मत और मजबूती की जाए,संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बैरियर लगाए जाएं,एक्सप्रेस-वे पर नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए। यह घटना केवल एक्सप्रेस-वे तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे बदायूं जिले में छुट्टा मवेशियों की समस्या विकराल रूप ले चुकी है। शहर हो या गांव, मुख्य मार्गों से लेकर अंदरूनी सड़कों तक मवेशियों का जमावड़ा आम हो गया है।
सीओ दातागंज राहुल पांडेय ने बताया कि डहरपुर टोल प्लाजा के पास गंगा एक्सप्रेसवे पर एक कार छुट्टा मवेशी से टकरा कर पलट गई जबकि एक कार का टायर फट गया जिससे वह पलट गई। हादसे की जानकारी पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। घायलों का सीएचसी दातागंज में उपचार कराया गया है। एक्सप्रेसवे पर पुलिस टीम लगातार पेट्रोलिंग कर रही है।
