UP News: स्मार्ट मीटर में पॉजिटिव बैलेंस होने पर ही मिलेगी बिजली, यूपी के इस जिले में नई व्यवस्था लागू
अब स्मार्ट प्रीपेड मीटर में माइनस बिल भरने के बाद भी बिजली कनेक्शन चालू नहीं होगा। जब तक मीटर का बैलेंस पॉजिटिव में नहीं आएगा, तब तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की जाएगी। बदायूं जिले में विद्युत निगम ने यह नई व्यवस्था लागू कर दी है।
विस्तार
जिले में पुराने मीटरों को हटाकर स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। स्मार्ट मीटर लगाने के बाद यह प्रीपेड में बदल दिए गए हैं। जिले में 62 हजार प्रीपेड मीटर लगाए जा चुके हैं। इनमें से कुछ उपभोक्ताओं का पुराना बिल भी बकाया है। अधीक्षण अभियंता चंद्रशेखर कुमार ने बताया कि अब पुराने बिलों की वसूली भी इसी प्रणाली में जुड़ गई है। कोई उपभोक्ता रिचार्ज करवाता है तो उसका एक हिस्सा पुराने बिल में स्वत: ही समायोजित हो जाता है। बची हुई राशि ही उपयोग के लिए उपलब्ध रहेगी। यह प्रक्रिया तब तक जारी रहेगी जब तक उपभोक्ता का पुराना बकाया खत्म नहीं हो जाता।
यह भी पढ़ें- Bareilly News: गलत बिल उड़ा रहे स्मार्ट मीटर वाले उपभोक्ताओं के दिमाग का फ्यूज, रोज आ रहीं एक हजार शिकायतें
नई प्रणाली को कुछ उपभोक्ता समझ नहीं पा रहे। वह केवल माइनस का बैलेंस ही जमा कर देते हैं, जिसके कारण उनकी विद्युत आपूर्ति शुरू नहीं होती और वे कार्यालयों के चक्कर लगाते रहते हैं।
माइनस बिल होते ही कट जा रहे कनेक्शन
विद्युत निगम की ओर से पूर्व में माइनस बैलेंस होने पर भी उपभोक्ताओं के कनेक्शन नहीं काटे जा रहे थे। अब प्रीपेड मीटर माइनस का बैलेंस होते ही कनेक्शन कट जा रहे हैं। इससे उपभोक्ता परेशान हो रहे हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि पहले इसमें छूट दी जा रही थी, लेकिन अब एकदम से कनेक्शन कट जा रहा है। अधिशासी अभियंता संजीव कुमार ने बताया कि अब मीटर में माइनस बैलेंस होते ही कनेक्शन कट जाएगा। इसके बाद पॉजिटिव बैलेंस होने के बाद ही विद्युत आपूर्ति शुरू हो पाएगी।
नई व्यवस्था लागू होने से उपभोक्ताओं में नाराजगी
विद्युत निगम की नई व्यवस्था बकाया वसूलने और माइनस होते कनेक्शन कटने से उपभोक्ताओं में नाराजगी है। शहर के श्यापाल, सिनोद बाबू मंजेश गुप्ता, पप्पू भारती, गिरधर शर्मा, मोहित पांडे, रामबहादुर आदि ने बताया कि पुराने बकाया की कटौती उन्हें समझ में नहीं आ रही। इसी वजह से उन्हें बार-बार रिचार्ज करना पड़ रहा है। कई बार तो रिचार्ज होने के बाद भी बिजली की आपूर्ति नहीं होती है, तब दिक्कतें बढ़ जाती हैं।
अधीक्षण अभियंता चंद्रशेकर कुमार ने बताया कि सभी उपभोक्ताओं को मीटर में पॉजिटिव बैलेंस रखना होगा। माइनस बैलेंस होने पर विद्युत सप्लाई स्वत: बंद हो जाएगी। साथ ही पुराने बकाया बिल की वसूली एक हिस्सा की रिचार्ज करने पर स्वत: कटौती हो जाएगी।
- 10 हजार रुपये बकाया पर हर रिचार्ज पर 10 फीसदी की कटौती
- 10 से 15 हजार रुपये तक बकाया पर 15 फीसदी की कटौती।
- 20 हजार रुपये से अधिक बकाया पर 25 फीसदी की कटौती।
- घरेलू के अलावा अन्य श्रेणी के उपभोक्ताओं से हर रिचार्ज पर 25 फीसदी की कटौती की जाएगी।