Budaun News: संदिग्ध हालात में मां-बेटे की मौत, छप्पर के नीचे चारपाई पर मिले शव
Budaun News: जिले के गांव सराय सांवल निवासी प्रेम शंकर (42 वर्ष) अपनी बुजुर्ग मां के साथ रहते थे। शुक्रवार सुबह दोनों के शव अलग-अलग चारपाई पर पड़े मिले। जहर से मौत होने की आशंक जताई जा रही है।

विस्तार
बदायूं के उद्यैती थाना क्षेत्र के ग्राम सराय सांवल में मां-बेटे के शव चारपाई पर शुक्रवार की सुबह पड़े मिले। गांव के लोगों ने थाना पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

प्रेम शंकर (42) अपनी बुजुर्ग मां के साथ घर में रहता था। परिवार में एक बहन है, जिसकी शादी हो चुकी है। भाई दूज पर बहन आई थी, जो दो दिन पहले ही अपनी ससुराल चली गई। शव नीले होने की वजह से लोग जहर से मौत होने की बात कह रहे हैं। अब पुलिस जांच कर रही है कि जहर किसने खिलाया या खुद जहर खाकर मां बेटे ने आत्महत्या की है। शव दो दिन पुराने बताए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले से पर्दा उठ सकेगा।
थाना क्षेत्र के गांव सराय सांवल निवासी प्रेमशंकर के पिता कोमल की कई साल पहले मौत हो गई थी। प्रेमशंकर की शादी हुई, लेकिन पत्नी करीब दस साल पहले उसको छोड़कर चली गई थी। तब से वह अपनी मां नन्हीं देवी के साथ रह रहा था। बहन लौंगश्री की दो साल पहले हिमाचल प्रदेश के ऊना में शादी हुई है।
चारपाई पर पड़े मिले शव
ग्रामीण व परिजनों के मुताबिक, बहन भाई दूज पर घर आई थी। वह दो दिन पहले अपनी ससुराल चली गई। प्रेमशंकर के ताऊ भगवत ने बताया कि बुधवार को दोनों को देखा था। इसके बाद नहीं पता। शुक्रवार की सुबह झोंपड़ी में दोनों को चारपाई पर पड़े लोगों ने देखा। करीब दस बजे तक जब वह नहीं उठे तो पास जाकर देखा, तो होश उड़ गए। थाना पुलिस को घटना की सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल करके शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाए।
थाना पुलिस ने देखा तो दोनों के शव नीले पड़े थे। नाक से निकल रहा था खून। दोनों शव लगभग दो दिन पुराने लग रहे थे। अब सवाल यह है कि क्या किसी ने उनको जहर दिया था फिर खुद जहर खाया है। देर शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने की वजह से विसरा सुरक्षित किया गया है।
एसपी देहात केके सरोज ने बताया कि मौके से कुछ बनी हुई सब्जी मिली है। अन्य कोई ऐसा सामान नहीं मिला है, जिसकी जांच की जाए। दोनों अकेले घर में रहते थे। शव का पोस्टमार्टम कराया गया था, जिसमें मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। विसरा सुरक्षित किया गया है।