Budaun News: फिल्म 'यादव जी की लव स्टोरी' के विरोध में जोरदार प्रदर्शन, समाज के लोगों ने निकाला जुलूस
फिल्म 'यादव जी की लव स्टोरी' को लेकर यादव समाज के लोगों में आक्रोश है। बदायूं शहर और बिल्सी कस्बा में यादव समाज के लोगों ने बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने फिल्म के रिलीज पर रोक लगाने की मांग की।
विस्तार
बदायूं में यादव उत्थान समिति भारत के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को फिल्म 'यादव जी की लव स्टोरी' के विरोध में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। संगठन के कार्यकर्ता मालवीय आवास पर एकत्र होकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। यहां राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को दिया।
कार्यकर्ताओं का आरोप है कि फिल्म में कुछ आपत्तिजनक दृश्य दर्शाए गए हैं, जिससे यादव समाज की भावनाएं आहत हो रही हैं। प्रदर्शनकारियों ने फिल्म के निर्माता संदीप तोमर एवं निर्देशक अंकित भड़ाना समेत संबंधित कलाकारों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
समिति के जिला अध्यक्ष रामप्रवेश यादव ने कहा कि किसी भी समाज को निशाना बनाकर फिल्म बनाना उचित नहीं है। सेंसर बोर्ड को भी इस पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने मांग की कि फिल्म से आपत्तिजनक दृश्य हटाए जाएं तथा फिल्म का नाम बदला जाए, तभी इसे रिलीज किया जाए। समिति ने चेतावनी दी है कि यदि बिना संशोधन के फिल्म रिलीज की गई तो आंदोलन किया जाएगा।
बिल्सी में विश्व यादव परिषद ने किया प्रदर्शन
बिल्सी में विश्व यादव परिषद के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने ‘यादव जी की लव स्टोरी’ फिल्म का विरोध करते हुए बुधवार को गांधी पार्क से बिल्सी तहसील तक पैदल मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी प्रेमपाल सिंह को सौंपा। परिषद के डॉ. एस. डी. यादव ने कहा कि यादव समाज इस प्रकार की फिल्म का पुरजोर विरोध करता है।
उनका आरोप था कि इस तरह की फिल्में समाज में सौहार्द बिगाड़ने का कार्य करती हैं। उन्होंने फिल्म के निर्माण से जुड़े लोगों पर कार्रवाई करने और फिल्म पर रोक लगाने की मांग की। चेतन यादव ने कहा कि जातिवाद पर आधारित फिल्मों पर पूरी तरह रोक लगनी चाहिए, क्योंकि इससे समाज में अशांति फैलती है। प्रदर्शन के दौरान परिषद के अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। ज्ञापन सौंपकर प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से उचित कार्रवाई की मांग की।
