Budaun News: भात लेकर जा रहे मामा समेत दो लोगों की सड़क हादसे में मौत, शादी की खुशियां मातम में बदलीं
बदायूं के मूसाझाग थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के हादसा हो गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली से टेंपो को टक्कर लग गई, जिससे टेंपो में सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक किशोर घायल हो गया।
विस्तार
बदायूं जनपद के थाना मूसाझाग क्षेत्र में बुधवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। भांजे को भात पहनाने उन्नाव से आ रहे मामा समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, बदायूं-दातागंज मार्ग स्थित डीएस डिग्री कॉलेज गुलड़िया के पास सुबह करीब 4:30 बजे बदायूं की ओर से दातागंज जा रहे टेंपो को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो सवार अवधेश (55 वर्ष) निवासी ग्राम पतारी, जिला उन्नाव और एक अज्ञात व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में अवधेश का भतीजा अमन (16) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
टेंपो में सवार थे छह लोग
टेंपो में सवार यात्री विमल कुमार ने बताया कि वाहन में करीब छह लोग सवार थे। हादसे के बाद अन्य यात्री अपने-अपने गंतव्य को चले गए। उन्होंने बताया कि टक्कर मारने के बाद टेंपो चालक मौके से फरार हो गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक भी वाहन सहित भाग निकला।
बताया जा रहा है कि अवधेश अपने भांजे विक्की निवासी बीरमपुर को भात पहनाने जा रहे थे। बुधवार को मंडप कार्यक्रम और बृहस्पतिवार को बारात जानी थी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की बहन सीमा रो-रोकर बेहाल है। शादी की खुशियां गम में बदल गई हैं।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र तोमर ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जिनमें एक की अभी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फरार वाहन चालकों की तलाश की जा रही है।

कमेंट
कमेंट X