UP: बदायूं में नाधा पुलिस चौकी पर बवाल, पथराव-आगजनी, पुलिस ने लाठियां भांजकर भीड़ को खदेड़ा
बदायूं जिले में नाधा पुलिस चौकी पर मंगलवार रात युवक के शव को रखकर प्रदर्शन के दौरान बवाल हुआ। भीड़ ने पथराव किया, एक युवक ने आग लगाई और चौकी के सामने आगजनी भी हुई। पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा और तीन युवक हिरासत में लिए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बदायूं के जरीफनगर थाने की नाधा पुलिस चौकी पर मंगलवार देर रात साढ़े दस बजे बवाल हो गया। रविवार रात मारे गए हरिओम का शव सड़क पर रखकर धरना-प्रदर्शन किए जाने के दौरान भीड़ में शामिल कुछ युवकों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। साथ ही एक युवक ने पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। पुलिस ने उसे बचाने का प्रयास किया तो युवकों ने धक्का-मुक्की कर चौकी के सामने आगजनी कर दी। हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने अराजक तत्वों पर लाठीचार्ज कर दिया। इस दौरान पुलिस बल ने भीड़ को लाठियां भांजकर काफी दूर तक खदेड़ा। तीन युवकों को हिरासत में लिया गया है। मामले में रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
ग्राम कादरचौक में रविवार की रात कार खड़ी करने के विवाद में हरिओम की हत्या कर दी गई थी। इस प्रकरण में आक्रोशित परिजन मंगलवार शाम चार बजे ग्रामीणों के साथ नाधा पुलिस चौकी पहुंचे और वहां शव रखकर हत्या में शामिल आरोपियों और चौकी के पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए धरना पर बैठ गए। देर शाम एसपी देहात, सीओ बिल्सी और सीओ सहसवान ने पहुंचकर परिजनों को समझाना शुरू किया।
एक युवक ने खुद को लगाई आग
हरिओम के परिजन और ग्रामीण डीएम-एसएसपी को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़ गए। इसी दौरान भीड़ में शामिल कुछ युवकों ने पुलिस पर पथराव कर दिया और एक युवक ने पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। इससे वहां भगदड़ मच गई। कुछ अराजक तत्वों ने पुलिस चौकी के सामने आग भी लगा दी। इससे माहौल और बिगड़ गया। पुलिस ने आग बुझाकर युवक को बचाया। इसके बाद लाठियां भांज भीड़कर को खदेड़ दिया।
वहां पर मौजूद जरीफनगर, इस्लामनगर, विल्सी व सहसवान थानों की पुलिस फोर्स ने स्थिति पर नियंत्रण पाया। इसके बाद अफसरों के निर्देश पर पुलिस सुरक्षा में परिजनों के साथ शव को लेकर गांव पहुंची। काफी इलाका पुलिस के कब्जे में रहा। इधर, गांव का माहौल तनावपूर्ण होने की वजह से वहां भी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
सीओ से आरोपियों को फांसी पर लटकाने की गुहार लगाई
सीओ सहसवान अशोक कुमार सिंह ने गांव पहुंच मृतक की पत्नी प्रियंका और अन्य परिजनों से मुलाकात की। हरिओम के डेढ़ साल के बेटे आदित्य को दुलार भी किया। परिवार से कहा कि जल्द सभी आरोपियों को जेल भेजा जाएगा। मृतक की पत्नी ने आरोपियों को फांसी पर लटकाने की गुहार लगाई।
पुलिस कर्मियों पर आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप
गांव कादरचौक में कार खड़ी करने के विवाद में हरिओम की हत्या होने के मामले में मंगलवार की शाम परिजनों संग ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। परिजनों और ग्रामीणों ने नाथा चौकी के पुलिस कर्मियों पर आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी कर प्रदर्शन किया और सभी को निलंबित करने की मांग की। देर रात साढ़े दस बजे तक सड़क जाम रही।
मृतक हरिओम के ममेरे भाई राकेश ने बताया कि घटना के समय नाधा चौकी के इंचार्ज प्रदीप कुमार और सिपाही आशीष को फोन किया गया था, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। परिजनों ने नाधा चौकी के पुलिस कर्मियों पर आरोपियों का सहयोग करने का आरोप लगाया। आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलाने और एनकाउंटर करने की मांग रखी। एसडीएम सहसवान, सीओ सहसवान अशोक कुमार सिंह, सीओ बिल्सी आलोक सिद्ध और चार थानों ने मोर्चा संभाला, मगर इसके बाद अचानक माहौल बिगड़ गया।
छह हत्यारोपी गिरफ्तार, कुल्हाड़ी-भाला बरामद
हरिओम की हत्या के मामले में 12 आरोपियों को नामजद कर केस दर्ज कर पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल्हाड़ी, भाला और लोहे की रॉड की बरामद की है। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस ने सोमवार रात दबिश देकर गांव निवासी चंद्रकेश, प्रेम सिंह, चंद्रवीर, पप्पू, सुरेश चंद्र और जितेंद्र को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से लोहे की दो रॉड और दो लाठी भी बरामद कीं।
गौरतलब है कि रविवार रात गांव निवासी कल्याण सिंह की बेटी की बरात आई थी। दावत में शामिल होने के बाद हरिओम, रामानंद और जगेंद्र घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के चौराहे पर चंद्रवीर और जितेंद्र अपनी कार लेकर पहुंचे। चौराहे पर कार खड़ी करने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हुई। मारपीट में गंभीर रूप से घायल हुए हरिओम की मौत हो गई थी। हरिओम और आरोपी पक्ष की होली पर कहासुनी हुई थी। इसके बाद से आरोपी पक्ष हरिओम पक्ष से रंजिश मानने लगा था।
एसपी देहात डॉ हृदयेश कठेरिया ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन शाम को हरिओम का शव गांव लेकर आए तो अन्य जनपद से आए कुछ बाहरी लोगों ने गांव के लोगों को भड़काकर पुलिस पर अनर्गल दबाव बनाने को रोड पर जाम लगवा दिया। पुलिस प्रशासन ने धैर्यपूर्वक समझाने का प्रयास किया। साढ़े छह घंटे सड़क जाम रही। बाहरी व्यक्तियों ने पुलिस पर दबाव बनाने के लिए पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया। पथराव भी किया गया। थाना जरीफनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।