Budaun News: बाइक की टक्कर से महिला कांवड़िया की मौत, जत्थे के लोगों ने एक युवक को पकड़ा
बदायूं जिले में बाइक की टक्कर लगने से महिला कांवड़िया की मौत हो गई। हादसे के बाद जत्थे में शामिल लोगों ने बाइक सवार एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दो मौके से भागने में सफल रहे। मृतका के बेटे का आरोप है कि टक्कर मारने के बाद बाइक सवार युवकों ने उनकी मां को पीटा भी था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बदायूं जिले में कछला घाट से कांवड़ लेकर पैदल गांव लौट रही 60 वर्षीय महिला को उझानी-कादरचौक मार्ग पर बाइक से टक्कर लग गई। टक्कर लगने से महिला की मौत हो गई। मृतका के बेटे ने आरोप लगाया कि बाइक पर सवार तीन युवकों ने गिरने के बाद उनकी मां को लात-घूंसों से पीटा और बेहोशी की हालत में छोड़कर भाग गए। गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज ले जाने पर डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने एक युवक को पकड़ लिया है, जबकि दो फरार हैं।
कादरचौक थाना क्षेत्र के मौसमपुर पट्टी गांव निवासी दरियाव सिंह की 60 वर्षीय पत्नी सुकुमा रविवार शाम गांव के अन्य लोगों और अपने नाती-पोतों के साथ कछला गंगा घाट गई थीं। रात में गंगाजल भरने के बाद वह कांवड़ जत्थे के साथ पैदल उझानी क्षेत्र के वुर्रा गांव स्थित प्रसिद्ध शिव मंदिर में जलाभिषेक के लिए लौट रही थीं। सोमवार सुबह करीब चार बजे फतेहपुर गांव के पास पीछे से आई तेज रफ्तार बाइक से उनको टक्कर लग गई।
बाइक सवार युवकों पर पीटने का आरोप
उनके बेटे ऊधल का आरोप है कि टक्कर के बाद बाइक सवारों ने उसकी मां को लात-घूंसों से पीटा। जत्थे के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी बाइक लेकर भागने लगे। लोगों ने पीछा किया, लेकिन दो आरोपी फरार हो गए और एक को पकड़ लिया गया। साथी कांवड़िये घायल सुकुमा को उझानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।
हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर परिजन रोते-बिलखते मेडिकल कॉलेज पहुंचे और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।