बुलंदशहर: पैदल सड़क पार कर रहे दस वर्षीय बच्चे को कार ने मारी टक्कर, मौत, दो साल पहले मां की हुई थी मौत
एनएच-509 पर रुस्तमगढ़ी गांव के पास दस वर्षीय मंगल को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दो साल पहले ही मंगल की मां का निधन हो गया था।
विस्तार
बुलंदशहर के छतारी में एनएच-509 पर गांव रुस्तमगढ़ी के पास पैदल सड़क पार कर रहे दस वर्षीय मासूम मंगल को कार ने टक्कर मार दी। हादसे में बच्चे मंगल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दो साल पहले ही बीमारी के चलते बच्चे की मांग की मौत हो गई थी।
बुढ़ासी गांव का माजरा रुस्तमगढ़ी निवासी रामप्रकाश ने बताया कि वह मेहनत मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करते हैं। घर में उनकी 14 साल की बेटी गायत्री है और दस वर्षीय बेटा मंगल था। रविवार शाम को उनका बेटा गांव में ही घूम रहा था। उनका गांव नेशनल हाइवे 509 के किनारे ही बसा हुआ है। हाइवे के दूसरी तरफ एक हैंडपंप लगा हुआ है।
रविवार शाम को उनका बेटा मंगल हाइवे पार कर हैंडपंप पर पानी पीने चला गया। वहां से वह वापस अपने घर की ओर लौट रहा था तो पैदल सड़क पार कर रहा था। तभी अलीगढ़ की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने मंगल को टक्कर मार दी, जिसमें मौके पर ही मंगल की मौत हो गई। वहीं आरोपी चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया।
पीड़ित परिवार ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की और परिजनों से घटना की जानकारी ली। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम जांच के लिए भेज दिया। घटना के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में अभी तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
दो साल पहले बीमारी के चलते मां की हो गई थी मौत
पीड़ित राम प्रकाश ने बताया कि दो साल पहले ही उनकी पत्नी पिंकी की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। तब से वह ही मजदूरी कर बेटा मंगल और बेटी गायत्री का पालन पोषण कर रहे हैं। दोनों बच्चे घर के काम में उनका हाथ बंटाते थे। मां के जाने के बाद बच्चे अकेलापन महसूस करते थे, लेकिन राम प्रकाश मां की कमी पूरी करने के प्रयास में लगे रहते थे। घटना के बाद से बहन गायत्री का रो-रोकर बुरा हाल है और बात करने की स्थिति में भी नही है।