सब्जी विक्रेता की कार चढ़ाकर हत्या: खरीदारी के समय हुआ था झगड़ा, पांच दिन बाद ग्राहक ने टक्कर मारकर ले ली जान
सब्जी विक्रेता मलखान सिंह की कार से कुचलकर हुई हत्या के मामले में पुलिस ने गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पीड़ित परिजनों ने मंगलवार को कोतवाली में हंगामा कर आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
विस्तार
यूपी के बुलंदशहर जिले के खुर्जा के मुरारी नगर कॉलोनी निवासी सब्जी विक्रेता को कार से कुचलकर हत्या करने का मामला सामने आया। मामले में पीड़ित परिजनों ने मंगलवार को कोतवाली में हंगामा किया। पुलिस ने मामले में गैर इरादतन हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
मुरारी नगर कॉलोनी के पास विवेक विहार मोहल्ला निवासी मीना देवी ने बताया कि उनके पति मलखान सिंह (55) शिकारपुर-पहासू रोड पर ठेली पर सब्जी बेचने का कार्य करते थे। चार से पांच दिन पहले पड़ोस में रहने वाला आयुष चौधरी उनके पास सब्जी लेने गया। जहां पर सब्जी खरीदने की बात पर पीड़िता के पति मलखान सिंह और आयुष के बीच झगड़ा हो गया था। इसी दौरान आयुष ने उनके पति को जान से मारने की धमकी दी थी।
सब्जी विक्रेता को पहले टक्कर मारी, फिर गाड़ी आगे-पीछे कर कुचला
मीना देवी का आरोप है कि सोमवार रात करीब नौ बजे उनके पति मलखान सिंह और बेटा विकास सब्जी बेचकर घर लौट रहे थे। तभी आयुष चौधरी वहां से कार लेकर गुजर रहा था। आरोप है कि आयुष ने जानबूझकर मलखान सिंह पर कार चढ़ाई। इसके बाद गाड़ी आगे और पीछे कर बार-बार सड़क पर गिरे मलखान सिंह को कुचलता रहा।
स्थानीय लोगों के आने के बाद आरोपी वहां से भाग गया। बेटा विकास अपने पिता मलखान सिंह को लेकर अस्पताल पहुंचा। जहां चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया। घटना के विरोध में पीड़ित परिजन मंगलवार सुबह खुर्जा कोतवाली पहुंचे। जहां पीड़ित परिजनों ने हंगामा किया और आरोपी पर कार्रवाई की मांग की।
मीना देवी की तहरीर पर आरोपी आयुष चौधरी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है। - शोभित कुमार, सीओ खुर्जा।