यूपी में दर्दनाक हादसा: मां और तीन साल की बेटी को गाड़ी ने कुचला, दोनों की मौत; आधार अपडेट कराने गई थी महिला
महिला गांव क्योली खुर्द से बिजली घर पर आधार कार्ड संशोधन के लिए गई थी। हाइवे पर तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी के बुलंदशहर थाना क्षेत्र में अलीगढ़-दिल्ली नेशनल हाईवे पर सोमवार को एक सड़क हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। बिजलीघर के समीप सड़क पार कर रही एक महिला और उसकी तीन वर्षीय मासूम बेटी को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल महिला ने जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
आधार कार्ड ठीक कराने गई थी राजकुमारी
अरनिया थाना क्षेत्र के गांव क्योली खुर्द निवासी राजकुमारी (30 वर्ष) अपनी तीन वर्षीय बेटी इशिका के साथ सोमवार दोपहर अरनिया स्थित बिजली घर पर आई थी। बताया जा रहा है कि राजकुमारी के आधार कार्ड में कुछ तकनीकी त्रुटि थी, जिसे ठीक कराने के लिए वह बिजली घर स्थित केंद्र पर पहुंची थी। कार्य पूर्ण करने के बाद वह अपनी बेटी का हाथ पकड़कर पैदल ही वापस घर लौटने के लिए सड़क पार कर रही थीं।
बच्ची ने मौके पर तो मां ने रास्ते में तोड़ा दम
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही राजकुमारी बेटी को लेकर रोड के बीच पहुंचीं, तभी अलीगढ़ की दिशा से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। बच्ची कई फीट दूर जा गिरी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं, राजकुमारी लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ी। चालक वाहन लेकर मौके से भागने में सफल रहा। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और निजी वाहनों की मदद से घायल राजकुमारी को पास के मुनि स्थित एक निजी चिकित्सा केंद्र में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन और पुलिस उसे लेकर बुलंदशहर की ओर दौड़े लेकिन रास्ते में राजकुमारी की मौत हो गई।
पुलिस खंगाली रही सीसीटीवी
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी अरनिया ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।