UP: चंदौली में दो स्थानों से 112 किलो गांजा बरामद, महिला सहित पांच तस्कर अरेस्ट; पुष्पा स्टाइल में छिपाया था
Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में बबुरी और मुगलसराय पुलिस ने दो स्थानों से लगभग 30 लाख का गांजा बरामद किया है। तस्कर शातिर तरीके से नशे के सामान को छिपाकर वाराणसी जा रहे थे।
विस्तार
UP Crime: पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के गिरोह का पर्दाफाश किया है। सोमवार को बबुरी और मुगलसराय थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में करीब 112 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद कर एक महिला समेत पांच तस्करों को गिरफ्तार किया गया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी गई है। एसपी आकाश पटेल ने सोमवार को पुलिस लाइन में इसका खुलासा किया।
एसपी ने बताया कि थाना बबुरी पुलिस ने अशोक इंटर कॉलेज के पास नहर पुलिया पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली। वाहन में कार्टन बाॅक्स के नीचे छिपाकर रखी गई चार प्लास्टिक बोरियों से कुल 103.400 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
इस दौरान छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जनपद के रहने वाले शत्रुघन चौहान (37) और शिवप्रधान (40) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे छत्तीसगढ़ से सस्ते दामों पर गांजा खरीदकर वाराणसी और मिर्जापुर में ऊंचे दामों पर बेचते थे।
पुलिस ने की कार्रवाई
वहीं दूसरी कार्रवाई में मुगलसराय थाना पुलिस ने जीटी रोड स्थित एक अस्पताल के पास चेकिंग के दौरान एक अर्टिगा कार को रोका। वाहन में सवार लोग पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया गया। तलाशी में कार से 8 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों में हेमंत कुमार सरोज (प्रतापगढ़), राहुल तिवारी (बक्सर, बिहार) और मंजू देवी (गया, बिहार) शामिल हैं। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे उड़ीसा से गांजा लाकर वाराणसी क्षेत्र में छोटे-छोटे हिस्सों में बेचते थे। एसपी आकाश पटेल ने बताया कि दोनों मामलों में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
