यूपी: बृजभूषण का तंज- लोग मुझे बाहुबली समझते हैं तो समझें, हेलीकॉप्टर से आने की नहीं मिली अनुमति
चंदौली में रामकथा में पहुंचे पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने खुद को बाहुबली कहे जाने पर कहा कि लोग ऐसा समझते हैं तो समझें, भगवान सबको इतना बाहुबली बनाए। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि वह भगवान राम को नहीं मानता। वाराणसी में एयर शो के चलते हेलीकॉप्टर की अनुमति नहीं मिली तो वह जौनपुर से कार से चंदौली पहुंचे।
विस्तार
पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने शनिवार को चंदौली में रामकथा के दौरान विपक्ष पर निशाना साधा। खुद को बाहुबली कहे जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि लोग उन्हें बाहुबली समझते हैं तो समझें। वह छह बार सांसद रह चुके हैं। उनकी पत्नी भी सांसद थीं, एक बेटा सांसद है और दूसरा विधायक है। उन्होंने कहा, “मैं सांसद और विधायक का पिता हूं। अब इसे लोग बाहुबली कहते हैं तो मैं तो कहूंगा कि भगवान इतना बाहुबली सबको बनाए।”
बृजभूषण शरण सिंह धानापुर में दशमी तालाब के पास सैयदराजा से भाजपा विधायक सुशील सिंह की ओर से आयोजित राजन महाराज की रामकथा में शामिल होने पहुंचे थे। यहां उन्होंने मंच से राजन महाराज का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने राजनीतिक सवालों पर अपनी बात रखी और विपक्ष पर भगवान राम को लेकर सवाल उठाने का आरोप लगाया।
एयर शो के कारण हेलीकॉप्टर से आने की नहीं मिली अनुमति
बृजभूषण शरण सिंह को रामकथा में शामिल होने के लिए हेलीकॉप्टर से पहुंचना था, लेकिन वाराणसी में आयोजित एयर शो के चलते उन्हें वहां हेलीकॉप्टर से आने की अनुमति नहीं मिली। इसके बाद वह हेलीकॉप्टर से जौनपुर पहुंचे। वहां से कार के जरिए करीब 100 किलोमीटर का सफर तय कर चंदौली पहुंचे।
रामकथा के दौरान पूर्व सांसद ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष के लोग भगवान राम के अस्तित्व, रामसेतु और अयोध्या को लेकर सवाल उठाते हैं। उन्होंने कहा कि इन सवालों के बावजूद रामकथा के माध्यम से वे अपना काम करते रहेंगे। इस दौरान उनसे अयोध्या और काशी में मंदिर निर्माण के बाद मथुरा में मंदिर निर्माण को लेकर भी सवाल पूछा गया। हालांकि, उन्होंने इस सवाल पर कोई जवाब नहीं दिया।