फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Chandauli News ›   Guru Purnima 2026 surge of faith at Avdhut Bhagwan Ram Ashram queues formed for glimpse of Baba Sambhavram

Guru Purnima 2026: अवधूत भगवान राम आश्रम में उमड़ा आस्था का सैलाब, बाबा संभवराम के दर्शन को लगीं कतारें

Wed, 29 Jul 2026 04:37 PM IST
Pragati Chand अमर उजाला नेटवर्क, चंदौली।
अमर उजाला नेटवर्क, चंदौली। Published by: Pragati Chand Updated Wed, 29 Jul 2026 04:37 PM IST
सार

Chandauli News: सर्वेश्वरी ध्वजारोहण के साथ गुरु पूर्णिमा महापर्व का शुभारंभ हुआ। इस दौरान पड़ाव श्रद्धालुओं से गुलजार हुआ। वहीं अघोर पीठ में भी लाखों की आस्था उमड़ी। 

विज्ञापन
Guru Purnima 2026 surge of faith at Avdhut Bhagwan Ram Ashram queues formed for glimpse of Baba Sambhavram
गुरु पूर्णिमा महापर्व - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को स्थानीय अघोर पीठ, श्री सर्वेश्वरी समूह संस्थान देवस्थानम् एवं अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम में श्रद्धा और भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला। तड़के भोर से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें आश्रम परिसर में लगनी शुरू हो गई थीं। देश के विभिन्न राज्यों के अलावा जिले और आसपास के जनपदों से पहुंचे हजारों श्रद्धालु सर्वेश्वरी समूह के अध्यक्ष बाबा संभवराम के दर्शन और आशीर्वाद के लिए घंटों कतार में खड़े रहे। पूरे आश्रम परिसर में "जय गुरुदेव" और "सर्वेश्वरी माता की जय" के जयघोष गूंजते रहे।

विज्ञापन


बुधवार सुबह 6:15 बजे से 7:15 बजे तक वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच सर्वेश्वरी ध्वजारोहण एवं सफलयोनी पाठ के साथ तीन दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव तथा श्री सर्वेश्वरी समूह के 66वें अखिल भारतीय वार्षिक अधिवेशन का विधिवत शुभारंभ हुआ। ध्वजारोहण के दौरान श्रद्धालुओं ने गुरु परंपरा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए धर्म, मानव सेवा और सद्भाव का संकल्प लिया।
विज्ञापन


इसके बाद सुबह 7:30 बजे से गुरु दर्शन एवं पूजन का क्रम शुरू हुआ, जो देर शाम तक चलता रहा। बाबा संभवराम के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ती रही। पुरुषों, महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था की गई थी। आश्रम परिसर में स्वयंसेवक श्रद्धालुओं को व्यवस्थित रूप से दर्शन कराने में जुटे रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन

गुरु पूर्णिमा महोत्सव को लेकर आश्रम परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। प्रवेश द्वार से लेकर मुख्य मंदिर और सभा स्थल तक रंग-बिरंगी सजावट, पुष्प मालाओं और धार्मिक पताकाओं से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। विभिन्न स्थानों पर पेयजल, चिकित्सा सहायता और विश्राम की व्यवस्था भी की गई थी। श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया, जहां हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ का असर पड़ाव चौराहे और आसपास के मार्गों पर भी देखने को मिला। सुबह से ही वाहनों का दबाव बढ़ने लगा और कई बार जाम जैसी स्थिति बन गई। वाराणसी-चंदौली मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे लोगों को काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ा। यातायात को सामान्य बनाए रखने के लिए पुलिस को लगातार मशक्कत करनी पड़ी।

गुरु पूर्णिमा महोत्सव को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। कई थानों की पुलिस फोर्स, यातायात पुलिस तथा खुफिया इकाइयों के अधिकारी आश्रम परिसर और आसपास के क्षेत्रों में तैनात रहे। प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा जांच की व्यवस्था की गई थी। पुलिस कर्मी श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित कराने और यातायात संचालन में लगातार लगे रहे। वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने समय-समय पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण भी किया।

आश्रम प्रबंधन की ओर से बताया गया कि तीन दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दौरान विभिन्न धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। देशभर से आए साधु-संत, अघोर परंपरा के अनुयायी और सर्वेश्वरी समूह के पदाधिकारी अधिवेशन में भाग ले रहे हैं। गुरु पूर्णिमा महापर्व को लेकर पूरे आश्रम परिसर में उत्साह, श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बना हुआ है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed