Chandauli News: मिठाई कारखाने में लगी भीषण आग, तंग गलियों से दमकल को जूझना पड़ा; सुरक्षा मानकों पर सवाल
Chandauli News: कारखाने से उठ रही आग की लपटों को देखकर इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
विस्तार
चंदौली जिले के नगर के रसकुंज मिष्ठान भंडार के दूसरे तल पर संचालित कारखाने में रविवार देर रात भीषण आग लग गई। घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम को तंग गलियों की वजह से आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
जानकारी के अनुसार मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के जीटी रोड स्थित मिष्ठान भंडार के ऊपर बने कारखाने से देर रात अचानक धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं। देखते ही देखते आग तेजी से फैलने लगी, जिससे आसपास के मकानों और दुकानों को भी खतरा पैदा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कारखाने से उठ रही आग की लपटों को देखकर इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। घनी आबादी और तंग गलियों के कारण दमकल कर्मियों को मौके तक पहुंचने और आग पर काबू पाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इसे भी पढ़ें; Varanasi: 260 दिन में एसीपी समेत आठ हटे, चार थानेदार 45 दिन भी नहीं संभाल सके थाना; ये हुई कार्रवाई और तबादला
करीब कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा लिए जाने से आसपास के घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बड़े नुकसान से बचा लिया गया। हालांकि आग लगने से कारखाने के भीतर रखे सामान और उपकरणों को काफी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि शहर के घनी आबादी वाले इलाकों में संचालित कई मिठाई कारखानों में अग्निशमन के पर्याप्त और मानक अनुरूप उपकरण नहीं लगाए गए हैं, जो भविष्य में किसी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।
स्थानीय नागरिकों ने सवाल उठाया कि रिहायशी क्षेत्रों में सुरक्षा इंतजामों के अभाव के बावजूद ऐसे कारखानों को संचालन की अनुमति कैसे दी जाती है। लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मिठाई कारखानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों की सख्ती से जांच कराई जाए और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
