Varanasi News: कार्यों की रफ्तार धीमी होने पर नाराज हुए नगर आयुक्त, तेजी लाने को कहा; अब तक 58 फीसदी हुए काम
वाराणसी में दीनापुर जोन पेयजल आपूर्ति योजना के निरीक्षण के दौरान कार्यों की धीमी प्रगति पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। योजना का अब तक करीब 58 प्रतिशत कार्य पूरा हुआ है। नगर आयुक्त ने गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से काम पूरा करने को कहा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News: नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शनिवार को दीनापुर जोन पेयजल आपूर्ति योजना का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की। इस महत्वाकांक्षी योजना के धरातल पर उतरने से दीनापुर, सलारपुर, लेढुपुर, सन्दहा, सारनाथ और रामदत्तपुर के हजारों परिवारों को शुद्ध और निर्बाध पेयजल मिलने लगेगा। मौके पर मिलीं कमियों और काम की धीमी रफ्तार देख नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई।उन्होंने फर्म के प्रतिनिधि से श्रमिकों और संसाधनों की संख्या तत्काल बढ़ाकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) के अधिकारियों ने नगर आयुक्त को बताया कि योजना का कार्य मेसर्स विश्वा इन्फ्रास्ट्रक्चर एंड सर्विस प्रा. लि., निर्भय नगर, आगरा के माध्यम से कराया जा रहा है। इसकी वर्तमान प्रगति 58 प्रतिशत है। नगर आयुक्त ने निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण न होने या निर्देशों की अवहेलना करने की स्थिति में फर्म के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी।
इस वृहद योजना के तहत क्षेत्र में जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कुल 27 नए नलकूप, 10 उच्च जलाशय (पानी की टंकी), 414 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन और 20,176 घरों में पेयजल गृह संयोजन (कनेक्शन) देने का लक्ष्य प्रस्तावित है। इसके पूरा होने से क्षेत्र की एक बड़ी आबादी को पानी के संकट से हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी।
पानी की टंकियों और नलकूपों का काम 90 फीसदी पूरा
अधिकारियों ने प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि वर्तमान में 25 नलकूपों और 9 उच्च जलाशयों का निर्माण कार्य लगभग 90 प्रतिशत तक पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा, अब तक 262 किलोमीटर मुख्य पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है और 2,500 घरों को सीधे पेयजल कनेक्शन से जोड़ा जा चुका है। बचे हुए कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा करने की रणनीति बनाई गई है।
निरीक्षण के दौरान जल निगम के अधिशासी अभियंता बृजेश कुमार, अधिशासी अभियन्ता राम अवतार, सहायक अभियंता पीयूष वर्मा और शांति भूषण वर्मा, अवर अभियंता आदित्य मौर्या, अरविंद पटेल व शशि कुमार, माननीय पार्षद अनिल सोनकर और फर्म के प्रतिनिधि पवन कुमार मौजूद रहे।