रील देखने पर डांटा तो लगाया फंदा: पति बोला- पानी मांगने पर हुआ था विवाद; बच्चे की आवाज पर टूटी थी नींद; FIR
Chandauli News: जिले के अलीनगर क्षेत्र में विवाहिता रोशनी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पति ने इंस्टाग्राम रील देखने को लेकर विवाद के बाद आत्महत्या का दावा किया, जबकि मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने पति राहुल समेत ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP News: चंदाैली के अलीनगर थाना क्षेत्र के कुछमन गांव में बीती देर रात विवाहिता रोशनी (32) की मौत हो गई। पति का कहना है कि इंस्टाग्राम पर रील देखने पर हुए विवाद के बाद पत्नी ने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। जबकि महिला के मायके वालों ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति राहुल और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अलीनगर थाना क्षेत्र के झांसी गांव निवासी कपिल देव प्रसाद ने पुत्री रोशनी की शादी तीन साल पूर्व तारा जीवनपुर चौकी क्षेत्र के कुछमन गांव निवासी राहुल कुमार से की थी। राहुल एक निजी फैक्टरी में कार्यरत है। दंपती का 11 माह का एक पुत्र है।
पति राहुल ने पुलिस को बताया कि शनिवार की रात करीब 11 बजे वह ड्यूटी से घर लौटा तो पत्नी इंस्टाग्राम पर रील देख रही थी। कई बार पानी मांगने के बावजूद उसने ध्यान नहीं दिया तो उसने मोबाइल छीन लिया और डांटते हुए भविष्य में इंस्टाग्राम न चलाने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद वह खाना खाकर छत पर सोने चला गया।
राहुल के अनुसार, रात करीब 12 बजे बेटे के रोने की आवाज सुनकर वह नीचे आया। पत्नी को कई बार आवाज लगाने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। बेडरूम का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो उसने दरवाजा तोड़ दिया।
अंदर पहुंचने पर रोशनी का शव पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। आनन-फानन में उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उसने पत्नी के मायके वालों और पुलिस को सूचना दी। राहुल का कहना है कि पत्नी के इंस्टाग्राम की लत ने उसका परिवार उजाड़ दिया। अब 11 माह के बेटे की परवरिश कैसे होगी, यही चिंता उसे खाए जा रही है।
विवाहिता के शरीर पर चोट के निशान का दावा: मृतका के पिता कपिल देव प्रसाद ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को शादी के बाद से ही दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। उनका कहना है कि मौके पर पहुंचने पर बेटी के शरीर पर चोट के निशान भी दिखाई दिए। आरोप है कि पति राहुल और उसके परिवार के लोगों ने दहेज के लालच में रोशनी की हत्या कर शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया।