Chitrakoot: दुधवा नेशनल पार्क से पकड़ी गई खूंखार मादा तेंदुआ, रानीपुर टाइगर रिजर्व में सुरक्षित छोड़ी गई
Chitrakoot News: दुधवा नेशनल पार्क के गौरी फंटा बफर जोन से रेस्क्यू की गई मादा तेंदुआ को गुरुवार सुबह चित्रकूट के रानीपुर टाइगर रिजर्व की मानिकपुर रेंज के कल्याणपुर बीट स्थित जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया। वन विभाग की टीम की निगरानी में तेंदुआ को प्राकृतिक आवास में छोड़ा गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लखीमपुर खीरी स्थित दुधवा नेशनल पार्क (गौरीफंटा बफर जोन) के बेलराया वन रेंज से पकड़ी गई एक बेहद खूंखार मादा तेंदुआ को सुरक्षित चित्रकूट के रानीपुर टाइगर रिजर्व में शिफ्ट कर दिया गया है। लखीमपुर नेपाल बॉर्डर से पिकअप गाड़ी के जरिए पिंजरे में कैद कर लाई गई मादा तेंदुआ को गुरुवार सुबह रानीपुर टाइगर रिजर्व के मानिकपुर प्रथम स्थित कल्याणपुर बीट (चवरी बॉर्डर) के जंगलों में स्वछंद विचरण के लिए छोड़ दिया गया।
आबादी वाले इलाकों में दहशत फैला रही थी मादा तेंदुआ
क्षेत्रीय वनाधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि यह मादा तेंदुआ बीते लंबे समय से लखीमपुर के बेलराया वन रेंज के मूर्तिहा गांव समेत आसपास के ग्रामीण इलाकों में पहुंच रही थी। महज एक महीने के भीतर इसने दर्जनों पालतू मवेशियों को अपना शिकार बनाया था, जिससे ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल था। मंगलवार को वन विभाग की टीम ने पिंजरे में बकरी को बांधकर जाल बिछाया, जिसके लालच में आकर तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गई। रेस्क्यू टीम ने बकरी को भी सुरक्षित बचा लिया था।
नेपाल बॉर्डर से लाकर रानीपुर के जंगलों में किया गया रिलीज
गुरुवार सुबह करीब 7 बजे लखीमपुर निघासन रेंज के क्षेत्रीय वनाधिकारी भूपेंद्र सिंह और दुधवा नेशनल पार्क के डॉ. दयाशंकर अपनी टीम के साथ मादा तेंदुआ को लेकर रानीपुर टाइगर रिजर्व पहुंचे। यहां पहले से तैयार क्षेत्रीय वनाधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, बीट इंचार्ज वन दरोगा उदय कुमार और वन रक्षकों की टीम ने तत्काल पिंजरे को कल्याणपुर बीट पहुंचाया और मादा तेंदुआ को खुले जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया।
रानीपुर में तेंदुओं की संख्या बढ़कर हुई 83
वन अधिकारियों के अनुसार, इस खूंखार मादा तेंदुआ के रानीपुर टाइगर रिजर्व में आ जाने से यहां तेंदुओं के कुनबे में बढ़ोतरी होगी। जंगलों में लगे ट्रैप कैमरों के जरिए रानीपुर रिजर्व में अब तक 82 तेंदुओं की मौजूदगी दर्ज थी, जो अब इस मादा तेंदुआ के आने के बाद बढ़कर 83 हो गई है। यह स्थिति पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगी। वन विभाग ने स्थानीय ग्रामीणों से अपील की है कि यदि आसपास कोई जंगली जानवर दिखाई दे तो सतर्क रहें और तुरंत वन विभाग को सूचित करें।