मिरहची। कस्बे से सटे गांव सराय अहमद खां के होनहार छात्र अभिषेक राजपूत के यूपीपीएससी परीक्षा पास कर असिस्टेंट कमिश्नर बनने पर गांव और आसपास के क्षेत्र में खुशी है। चयन के बाद गांव आने पर खुशी से लोगों ने रोड शो निकालकर अभिषेक का स्वागत किया।
अभिषेक के बृहस्पतिवार को गांव पहुंचते ही लोगों ने फूल मालाओं से लाद दिया। घर पहुंचकर अभिषेक ने सबसे पहले माता-पिता से आशीर्वाद लेते हुए सभी का आभार व्यक्त किया। माता-पिता सहित परिजन ने भावुक होते हुए अभिषेक को गले से लगा लिया। अभिषेक के आने की खबर पर सुबह से ही लोग गांव पहुंचकर एकत्रित होने लगे थे। अभिषेक के पिता डोरीलाल बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षक हैं।
उन्होंने कहा उनका बेटा बचपन से ही होनहार था। बचपन से पढ़ाई में तेज अभिषेक ने मारहरा के एमजीएचएम कॉलेज से इंटरमीडिएट करने के बाद स्नातक की पढ़ाई को दिल्ली विश्वविद्यालय में एडमीशन लिया। गांव में एकत्रित लोगों ने अभिषेक के स्वागत में कस्बा मिरहची में रोड शो निकाला। स्वागत कर बधाई देने वालों में ब्लॉक प्रमुख रवि वर्मा, अंशु लोधी, किरण कुमार, मानपाल सभासद, अशोक कुमार, किशनदेव, प्रेमचंद प्रधान, सत्यपाल सभासद, सुनील सभासद आदि रहे।