UP: डॉ. भीमराव की मूर्ति क्षतिग्रस्त...ग्रामीणों में रोष; पुलिस ने रात में ही कराई मरम्मत; सीसी कैमरे खंगाले
Ghazipur News: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में संविधान निर्माता की मूर्ति क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलते ही माैके पर रेवतीपुर थाने की पुलिस पहुंच गई। ग्रामीणों की भीड़ और गुस्सा देखते हुए समय रहते मूर्ति की मरम्मत करवा दी गई।
विस्तार
UP News: गाजीपुर के रेवतीपुर थाना क्षेत्र के रामपुर उर्फ साधोपुर गांव में बीते शुक्रवार देर रात अराजक तत्वों ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति के दाहिने हाथ का पंजा क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।
मूर्ति क्षतिग्रस्त किए जाने की सूचना आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई। जैसे ही पुलिस को घटना की जानकारी मिली, प्रभारी थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और ग्रामीणों से मामले की जानकारी ली। हालांकि, मूर्ति को क्षतिग्रस्त करने वालों का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।
उधर, लोगों में बढ़ते आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने देर रात ही कारीगर बुलाकर मूर्ति के हाथ के क्षतिग्रस्त पंजे को ठीक करा दिया। साथ ही ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जिसने भी इस तरह की हरकत की है, उसका जल्द पता लगाकर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने की कार्रवाई
किसी भी अप्रिय घटना और तनाव की आशंका को देखते हुए पुलिस ने मूर्ति स्थल पर पुलिस बल तैनात कर दिया है। साथ ही आसपास लगे सीसी कैमरों की मदद से अराजक तत्वों की तलाश शुरू कर दी गई है, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।
वहीं ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मूर्ति स्थल पर स्थायी रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और यहां नियमित रूप से पुलिस पिकेट की व्यवस्था की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि बाबा साहेब की मूर्ति के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ग्रामीणों ने बताया कि इस मूर्ति की स्थापना वर्ष 2016 में की गई थी।
प्रभारी थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि मूर्ति के हाथ को दुरुस्त करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि माहौल बिगाड़ने की नीयत से इस कृत्य को अंजाम देने वाले व्यक्ति को जल्द ही तलाश कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मूर्ति की सुरक्षा के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।