मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के यूसुफपुरगंज मोहल्ले में शुक्रवार की रात बाथरूम के अंदर करीब तीन फीट की पानी भरी बाल्टी में सिर के बल गिरे 15 महीने के विवान जायसवाल की डूबकर मौत हो गई। मासूम खेलते-खेलते बाथरूम में चला गया था। इधर, करीब आधे घंटे बाद परिजन तलाशते हुए बाथरूम में पहुंचे तो उन्हें घटना की जानकारी हुई।
यूसुफपुरगंज मुहल्ला निवासी पवन जायसवाल ने बताया कि परिवार के बच्चे बैठकर पढ़ाई कर रहे थे। वहीं पत्नी हेमा रसोई में खाना बना रही थी। इसी बीच विवान खेलते खेलते बाथरूम में चला गया, इसकी जानकारी किसी को नहीं हुई और बाथरूम में पानी से भरी बाल्टी में सिर के बल गिर गया। कुछ देर बाद जब परिवार के लोग उसे खोजने लगे तो वह बाथरूम में पानी भरे बाल्टी में गिरा हुआ मिला। परिजन मासूम विवान को उपचार के लिए निजी चिकित्सालय में ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। विवान दो भाइयों में छोटा था। मोहल्लेवासी परिजनों को सांत्वना देने मेंं जुटे हुए थे। पवन जायसवाल ने बताया कि वह मुंबई रहकर काम करते हैं, जानकारी मिलते ही वह घर के लिए रवाना हो गए। शनिवार को घर पहुंचते परिवार के सदस्य रोने-बिलखने लगे। परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को नहीं दी। कोतवाल विजय प्रताप सिंह ने बताया कि परिजनों की ओर से बालक की मौत की कोई सूचना नहीं दी गई है।