गाजीपुर। ताड़ीघाट रेलवे स्टेशन पर पेयजल की बेहतर व्यवस्था नहीं है। पेयजल व्यवस्था के नाम पर यहां एक हैंडपंप लगाया गया है, जो बालूयुक्त पानी देता है। वहीं पेयजल बूथ भी बनाए गए हैं, लेकिन पेयजल बूथों पर नल की टोटियां नहीं लगाई हैं। इसके कारण इसका लाभ यात्रियों को नहीं मिल पाता है।
ताड़ीघाट रेलवे स्टेशन पर शुद्ध पेयजल की व्यवस्था नहीं होने के कारण यात्री बाजार से बोतलबंद पानी की खरीदारी करते हैं। इसके कारण उनको प्रति बोतल 20 रुपये खर्च करना पड़ता है। रेल यात्री रामकेवल राजभर, बुझारत प्रसाद आदि ने कहा कि रेलवे प्रशासन को स्टेशन पर पेयजल की व्यवस्था करनी चाहिए। इसके लिए जरूरी है कि पेयजल बूथों पर नल की टोटियां लगाई जाएं। वहीं ताड़ीघाट रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर राजेश कुमार ने बताया कि इसको लेकर उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा गया है। संवाद