सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Gonda News ›   Darkness descended during the day, rain dashed the hopes of farmers

Gonda News: दिन में छा गया अंधेरा, बारिश ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेरा

संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा Updated Fri, 20 Mar 2026 11:11 PM IST
विज्ञापन
Darkness descended during the day, rain dashed the hopes of farmers
परसपुर के लोहंगपुर में तेज हवा व बारिश से गिरी गेंहू की फसल और जमुनही हरदो पट्टी पर पड़ी सरसों
विज्ञापन
गोंडा। मौसम ने शुक्रवार को ऐसी करवट बदली कि दिन में ही रात जैसा अंधेरा छा गया। सुबह करीब साढ़े नौ बजे तक मौसम सामान्य था, फिर अचानक काले घने बादल छा गए। देखते ही देखते अंधेरा छा गया। सड़क पर चल रहे वाहन चालकों को हेडलाइट जलानी पड़ी। इसके बाद गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई।
Trending Videos

करीब आधे घंटे तक तेज हवा के साथ बारिश हुई। इससे जनजीवन प्रभावित हो गया। परसपुर व उमरीबेगमगंज क्षेत्र में ओलावृष्टि होने से हालात और बिगड़ गए। बेमौसम बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं किसानों की चिंता बढ़ गई। हलधरमऊ में सबसे अधिक 50 मिमी, रुपईडीह में 39 और परसपुर में 22 मिमी बारिश दर्ज की गई। शाम तक घने बादल छाए रहे और रुक-रुककर बूंदाबांदी होती रही।
विज्ञापन
विज्ञापन

बारिश के बाद खेतों का नजारा किसी आपदा से कम नहीं दिखा। सरसों, गन्ना और अरहर की फसलें जमीन पर गिरकर बर्बादी की तस्वीर बयां कर रही हैं। कटी हुई सरसों की फसल खेतों में भीग गई, जिससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया। लोहंगपुर पूरे पंडित गांव के किसान पवन, अशोक और संजय ने बताया कि एक दिन पहले ही सरसों की कटाई कराई थी, लेकिन अचानक हुई बारिश से पूरी फसल भीग गई। जमुनही हरदो पट्टी के किसान अनंतराम ने बताया कि सुबह सरसों की कटाई कर रहे थे, तभी तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई और खेत में पड़ी फसल खराब होने की कगार पर है। बागवानों की परेशानी भी कम नहीं है। किसान रामकृपाल पांडेय ने बताया कि तेज हवा और बारिश से आम के बौर गिर गए हैं, जिससे आम की पैदावार प्रभावित हो सकती है।
कृषि वैज्ञानिक बोले- उत्पादन घटने के आसार
लाल बहादुर शास्त्री कृषि विज्ञान केंद्र गोपालग्राम के कृषि वैज्ञानिक डॉ. सुधांशु ने बताया कि करीब 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवा और तेज बारिश से रबी की फसलों को नुकसान पहुंचा है। गेहूं, सरसों समेत कई फसलें खेतों में गिर गई हैं, जिससे उत्पादन व गुणवत्ता प्रभावित होने की संभावना है।
ऑरेंज अलर्ट जारी, आंधी-तूफान का अंदेशा
मौसम विभाग ने जिले को ऑरेंज अलर्ट जोन में रखा है। आपदा विशेषज्ञ राजेश श्रीवास्तव के अनुसार आने वाले समय में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी संभावना है। अभी तक किसी जनहानि या पशुहानि की सूचना नहीं मिली है।
मौसम साफ होने पर होगा नुकसान का आकलन
उपनिदेशक कृषि प्रेम कुमार ठाकुर ने बताया कि मौसम साफ होने के बाद फसलों के नुकसान का आकलन कराया जाएगा। सरसों की कटी फसल को अधिक नुकसान होने की आशंका है, जबकि अन्य फसलों में स्थिति का आकलन रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा।

परसपुर के लोहंगपुर में तेज हवा व बारिश से गिरी गेंहू की फसल और जमुनही हरदो पट्टी पर पड़ी सरसों

परसपुर के लोहंगपुर में तेज हवा व बारिश से गिरी गेंहू की फसल और जमुनही हरदो पट्टी पर पड़ी सरसों

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed