भरुआ सुमेरपुर। क्षेत्र के पंधरी गांव में करोड़न नदी में मछली पकड़ने के लिए डाले गए जाल में रविवार सुबह एक विशालकाय अजगर फंस जाने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पहुंची वन विभाग की टीम ने अजगर को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया। पंधरी गांव निवासी जुग्गीलाल गुप्ता ने बताया कि गांव के कुछ लोगों ने पूर्व प्रधान अरविंद उर्फ बाले गुप्ता के आवास के पीछे बह रही करोड़न नदी में सोमवार की रात मछली पकड़ने के लिए जाल डाला था।
सुबह जब वे लोग जाल समेटने पहुंचे तो उसमें भारी-भरकम अजगर फंसा देख दंग रह गए। कुछ ही देर में मौके पर अजगर को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पूर्व प्रधान बाले गुप्ता ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन दरोगा भगवानदीन अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू किया। बाद में उसे जंगल में ले जाकर छोड़ दिया गया। ग्रामीणों के अनुसार करोड़न नदी के किनारे अजगरों की संख्या काफी अधिक है। बांकी, बांक, सुमेरपुर, पंधरी, पारा रैपुरा, अतरैया और मौहर समेत कई गांवों में पहले भी कई बार अजगर पकड़े जा चुके हैं।