UP: घर में ननदोई ने पीटा, थाने में पुलिस ने डांटा; कार्रवाई न होने पर भड़की महिला, थाने में किया हमला, Video
महिला ने बताया कि दो दिन पहले अपने बच्चे का आधार कार्ड बनवाने की बात पर उनकी ननदोई से कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि ननदोई ने उनके साथ मारपीट की।
विस्तार
यूपी के हापुड़ स्थित कोतवाली क्षेत्र के माता मोहल्ला निवासी एक महिला ने मारपीट के मामले में पुलिस की ओर से कार्रवाई न करने पर मंगलवार की रात मेरठ गेट चौकी में घुसकर हंगामा कर दिया। इस दौरान महिला ने चौकी में रखी कुर्सी भी फेंककर तोड़ी दी। किसी ने महिला का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस दौरान चौकी पर कोई पुलिसकर्मी तैनात नहीं था। वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर पुलिस महिला को हिरासत में लेकर मामले में जांच कर रही है।
महिला ने बताया कि दो दिन पहले अपने बच्चे का आधार कार्ड बनवाने की बात पर उनकी ननदोई से कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि ननदोई ने उनके साथ मारपीट की। उन्होंने चौकी पर पर पहुंचकर पुलिस से मामले की शिकायत की लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
आरोप है कि चौकी पर तैनात एक पुलिसकर्मी ने ननदोई के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाए उल्टा उन्हें ही डांटा। इसके बाद महिला पुलिसकर्मी की कार्यशैली से अधिक परेशान हो गई और मंगलवार की देर रात अपने छोटे बच्चे के साथ चौकी पर पहुंची। इस दौरान चौकी पर कोई पुलिसकर्मी तैनात नहीं था। इसके बाद महिला ने चौकी के अंदर रखी कुर्सियों व आदि सामान फेंककर तोड़ दिया।
इस दौरान किसी ने महिला की वीडियो बना ली और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया और कोतवाली ले गई। पुलिस महिला से मामले में पूछताछ कर रही है। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि महिला मानसिक रूप से कमजोर बताई जा रही है। इसके बाद भी महिला की समस्या का जल्द समाधान कर दिया जाएगा।