ससुराल में खून-खराबा: दोस्त के साथ बीवी के मायके गया पति, बलकटी से पत्नी व साले पर किया हमला, कई दिन से है खफा
शराब पीकर ससुराल पहुंचे ब्रजेश ने पत्नी आशा और साले सोनू पर बलकटी से हमला किया। आशा को मामूली चोट आई। पुलिस ने ब्रजेश व उसके दोस्त को हिरासत में लिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी के हापुड़ के थाना देहात क्षेत्र के मोहल्ला सरस्वती विहार में दोस्त के साथ ससुराल पहुंचे एक पति ने अपनी पत्नी पर बलकटी से हमला कर दिया। बचाव करने आये साले को भी पति ने बलकटी मारकर घायल कर दिया। हमले में पत्नी को मामूली चोट आई है। पुलिस पति व उसके दोस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मोहल्ला निवासी आशा ने बताया कि छह वर्ष पहले उनकी शादी गांव बदनौली निवासी ब्रजेश के साथ हुई थी। पिछले कई वर्षों से उनका पति से विवाद चल रहा है। वह अपने चार वर्षीय पुत्र के साथ अपने मायके में ही रह रही हैं। सोमवार की सुबह उनका पति शराब पीकर अपने एक दोस्त के साथ उनके मायके पहुंचा। आरोप है कि उनकी पति के साथ कहासुनी हो गई।
कहासुनी के बाद पति ने बलकटी से उनपर हमला कर दिया। इसी बीच उन्हें बचाने के लिए उनके भाई सोनू ने अपना हाथ आगे कर दिया। हमले में वह व उनका भाई घायल हो गया। पति एक कपड़े में बलकटी छिपाकर लाया था। इसके बाद उनके भाई व पिता विनोद ने पति व उसके दोस्त को पकड़कर पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पति व उसके दोस्त को हिरासत में ले लिया। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि पुलिस पति व उसके दोस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। हालांकि पत्नी व उसके परिनजों ने अभी पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।