ढाई साल के मासूम से क्रूरता: मौसा ने बीड़ी से होठ दागे, चाबी से दिए पीठ पर जख्म; चेहरे पर दांत से कई जगह काटा
मासूम के पिता गुलफाम ने बताया कि जिस समय नदीम घर से आहद को लेने आया था, तब आहद अपनी बहन से लिपट गया और कह रहा था कि ये मुझे मार देगा। मुझे इसके साथ मत जाने देना, लेकिन नदीम उसे उठाकर साथ ले गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी के हापुड़ स्थित देहात थाना क्षेत्र के कोटला सादात में ढाई साल के बच्चे के साथ हैवानियत का मामला सामने आया है। रिश्ते के मौसा ने घर से बुलाकर उसका बीड़ी से चेहरा और होठ दाग दिए। चेहरे पर कई जगह दांतों से काटा, शरीर पर 10 से अधिक जगह ई-रिक्शा की नुकीली चाबी से गहरे घाव बना दिए। पीड़ित मासूम के पिता ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोल्ड ड्रिंक के बहाने ले गया था मौसा
मूलरूप से बुलंदशहर जिले के स्याना स्थित माकड़ी गांव निवासी गुलफाम पत्नी फैमिदा और तीन बच्चे के साथ कोटला सादात में किराये पर रहते हैं। दंपती मजदूरी करता है। गुलफाम का साड़ू नदीम मजीदपुरा में किराये के मकान में रहता है और ई-रिक्शा चलाता है। गुलफाम ने बताया कि हर रोज की तरह वह पत्नी के साथ मजदूरी करने गए थे। इसी बीच नदीम दोपहर करीब 12 बजे घर आया और कोल्ड ड्रिंक दिलाने के बहाने सबसे छोटे बेटे ढाई वर्षीय आहद को साथ ले गया। नदीम ने किसी सुनसान स्थान पर जाकर आहद के साथ हैवानियत की।
होठ जलाए, दांत से चेहरे पर काटा
मासूम के होठ अंदर की तरफ से बीड़ी से दागे, बच्चे के चेहरे पर कई जगह दांत से काटा। इतना ही नहीं पीठ और पेट पर ई-रिक्शा की चाबी से दस से अधिक गहरे घाव बना दिए। करीब डेढ़ घंटे तक बच्चे के साथ हैवानियत के बाद नदीम मोहल्ले के बाहर ही मायूस आहद को छोड़कर भाग गया। लड़खड़ाता मासूम किसी तरह घर पहुंचा। परिजन बच्चे को चिकित्सक के पास ले गए और उपचार कराया।
कराहता रहा मासूम
बड़ी बात यह रही कि बच्चे का कोई घाव अधिक गंभीर नहीं था लेकिन बच्चा दर्द से कराहता रहा। पिता गुलफाम का आरोप है कि आरोपी बच्चे पर गलत नियत रखता है और इसी के चलते वह उसे अपने साथ ले गया था।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
इस मामले में मासूम के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। नदीम अपने घर से फरार है। बच्चे की हालत देखकर हर कोई दंग है, क्योंकि होठ जलने के कारण न तो कुछ खा पा रहा है। शरीर में भी काफी दर्द बता रहा है।
पहले भी की है हैवानियत, देखते ही सहम जाता था आहद
गुलफाम ने बताया कि नदीम का घर आना जाना रहता है। सर्दियों में भी नदीम ने छोटे बेटे आहद की गर्दन पर जलती बीड़ी लगा दी थी। बच्चा उससे इतना डरता था कि अगर कहीं रास्ते में नदीम को देख ले तो सहम कर घर की और दौड़ पड़ता था।
बहन से लिपट गया था आहद
मासूम के पिता गुलफाम ने बताया कि जिस समय नदीम घर से आहद को लेने आया था, तब आहद अपनी बहन से लिपट गया और कह रहा था कि ये मुझे मार देगा। मुझे इसके साथ मत जाने देना, लेकिन नदीम उसे उठाकर साथ ले गया।
नशे का आदी है नदीम, हरकत से परिजन दंग
कोटला सादात में गुलफाम के घर पर काफी रिश्तेदार भी आए हुए थे। नजदीकी रिश्तेदारों ने बताया कि नदीम सूखा नशा करता है। जिस तरह उसने यह हरकत की है उससे लगता है कि नदीम की दिमागी हालत ठीक नहीं है। पहले भी नदीम कहता था कि बच्चों के चिल्लाने की आवाज से मुझे मजा आता है।
पुलिस का बयान
सीओ वरुण कुमार मिश्रा का कहना है कि आरोपी के खिलाफ तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी की तलाश के लिए देहात थाना पुलिस लगातार दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।